इंदौर: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले इंदौर में धमकी भरे ई-मेल का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। पुलिस जांच में हैक ई-मेल आईडी और अमेरिका के VPN कनेक्शन का सुराग मिला है।
इंदौर में 15 नवंबर को प्रस्तावित दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर लगातार नए सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर में धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाओं के बीच अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव का सचिवालय भी निशाने पर आ गया। ई-मेल के जरिए परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
धमकी मिलने के बाद महापौर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पांच सदस्यीय बम निरोधक दस्ते और श्वान दल ने सचिवालय पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। करीब 45 मिनट तक परिसर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई। हालांकि, इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मीडिया से कहा कि शहर में कार्यक्रम होते रहने चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताते हुए कहा कि इंदौर पुलिस सक्षम है और अपना काम कर रही है।
देवास के युवक की हैक ई-मेल आईडी से भेजा गया संदेशधमकी भरे ई-मेल की साइबर जांच में देवास के एक निजी कंपनीकर्मी की ई-मेल आईडी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, ई-मेल अकाउंट इसी साल मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था। वह इसे दोबारा रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे।
जांच एजेंसियों को ई-मेल भेजने के दौरान अमेरिका के संदिग्ध IP एड्रेस और VPN के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। पुलिस इस मामले में साइबर अपराध और डार्क वेब से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल धमकी भेजने वाले की वास्तविक पहचान और इसके पीछे की मंशा की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बैंक और अन्य जगहों पर भी मिले धमकी भरे मेलइसी दौरान शहर में अन्य स्थानों पर भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह से दोपहर के बीच चार अलग-अलग स्थानों पर ऐसे मेल मिले। इनमें पंजाब नेशनल बैंक की शाखाएं भी शामिल बताई गई हैं।
इन संदेशों में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का उल्लेख करते हुए अभिभावकों को अपने बच्चों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की चेतावनी दी गई थी। लगातार मिल रहे संदेशों के बाद पुलिस साइबर माध्यमों से इनके स्रोत और आपसी संबंधों की पड़ताल कर रही है।
15 नवंबर को C21 ग्राउंड में प्रस्तावित है कॉन्सर्टदिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर के C21 ग्राउंड में प्रस्तावित है। हालांकि, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा के बीच पुलिस प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को अभी आधिकारिक अनुमति नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, दिलजीत ने सोशल मीडिया पर इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।'
- महापौर सचिवालय की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
- धमकी भेजने में कथित तौर पर हैक की गई ई-मेल आईडी का इस्तेमाल हुआ।
- अमेरिका के IP एड्रेस और VPN कनेक्शन की जांच की जा रही है।
- बैंकों समेत अन्य स्थानों पर मिले ई-मेल में भी कॉन्सर्ट का जिक्र था।
पुलिस और साइबर टीम अब ई-मेल के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी भेजने वाले व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन संदेशों के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह है अथवा अलग-अलग स्रोतों से धमकियां भेजी गई हैं।