झुंझुनूं: राजस्थान की शादियों में दूल्हा-दुल्हन की शाही एंट्री तो आपने खूब देखी होगी, लेकिन झुंझुनूं के एक गांव में हुई शादी की चर्चा कुछ अलग ही है। यहां दुल्हन न तो कार में आई और न ही किसी लग्जरी गाड़ी में, बल्कि आसमान से हेलीकॉप्टर में बैठकर सीधे अपने ससुराल पहुंची। हेलीकॉप्टर की आवाज सुनते ही पूरा गांव घरों से बाहर निकल आया। देखते ही देखते लैंडिंग स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दुल्हन की इस अनोखी एंट्री ने पूरे इलाके में शादी को चर्चा का विषय बना दिया और अब यह सोशल मीडिया पर भी तेजी से सुर्खियां बटोर रही है।
दरअसल, यह खास नजारा झुंझुनूं जिला मुख्यालय के नजदीक मंड्रेला क्षेत्र के ढंढारिया गांव में देखने को मिला। गांव के अभिनव पूनिया अपनी दुल्हन निकिता कुलहरी को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ नई बहू का स्वागत किया। खास बात यह रही कि यह सिर्फ शाही अंदाज में दुल्हन को लाने का मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे पिता का वर्षों पुराना सपना जुड़ा हुआ था।
पिता का सपना पूरा करने के लिए हेलीकॉप्टर से लाए दुल्हनअभिनव के पिता राजेश पूनिया भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं। उनका सपना था कि जब बेटे की शादी हो, तो वह अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव लेकर आए। बेटे अभिनव ने भी पिता की इस ख्वाहिश को अपना सपना बना लिया। आखिरकार 11 नवंबर को वह दिन आ गया, जब पिता का अरमान हकीकत में बदल गया।
अभिनव अपनी जीवनसंगिनी निकिता को हेलीकॉप्टर से लेकर गांव पहुंचे, तो परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी। गांव में पहले से ही हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड तैयार किया गया था। हेलीकॉप्टर उतरते ही ग्रामीणों में दुल्हन को देखने की उत्सुकता बढ़ गई। सास और परिवार के अन्य सदस्यों ने नई बहू का स्वागत किया।
10 नवंबर को हुई थी शादी, अगले दिन हेलीकॉप्टर से पहुंची ससुरालअभिनव और निकिता की शादी 10 नवंबर को चूरू जिले के बिंजूसर गांव में हुई थी। शादी के बाद 11 नवंबर को अभिनव अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर ढंढारिया पहुंचे। अभिनव ने बीएससी की पढ़ाई के बाद मर्चेंट नेवी जॉइन की थी, जबकि निकिता बीएससी नर्सिंग तक पढ़ी हैं। निकिता के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं और उनका छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।
2008 में सेना से रिटायर हुए थे पिता राजेश पूनियाअभिनव के पिता राजेश पूनिया वर्ष 2008 में भारतीय सेना से रिटायर हुए थे। वर्तमान में वे मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) की टेक्निकल विंग में कार्यरत हैं और दिल्ली में पदस्थापित हैं। बेटे की शादी में अपनी पुरानी ख्वाहिश पूरी होते देख परिवार में खुशी का माहौल रहा।
हेलीकॉप्टर देखने उमड़ा गांव, पुलिस-प्रशासन भी रहा मुस्तैदढंढारिया गांव में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर पहले से ही तैयारियां की गई थीं। मंड्रेला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा और आपात व्यवस्था के मद्देनजर पिलानी से फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची थी।
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से लेकर दुल्हन के स्वागत तक गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। किसी ने इस अनोखे पल को कैमरे में कैद किया, तो किसी ने हेलीकॉप्टर के साथ सेल्फी ली। अब अभिनव और निकिता की यह अनोखी एंट्री इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ बेटे ने दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लाने का अपना सपना पूरा किया, तो दूसरी तरफ पिता राजेश पूनिया की वर्षों पुरानी ख्वाहिश को भी यादगार बना दिया।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.