मनीष सिंह, नोएडा: ग्रेटर नोएडा में रेरा से जुड़े 77 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक का बकाया जमा न करने के मामले में जिला प्रशासन ने तीन निदेशकों को अरेस्ट किया है। गुरुवार को दादरी तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। गिरफ्तार किए गए निदेशक अंसल हाईटेक टाउनशिप्स लिमिटेड तथा उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड से संबंधित हैं।




तीनों निदेशकों को दादरी के एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बकाया राशि जमा न करने और आवश्यक प्रतिभूति प्रस्तुत न करने के कारण उन्हें अधिकतम 15 दिन के लिए जिला कारागार भेजने का आदेश दिया गया। गिरफ्तार निदेशकों की पहचान श्री राम, मोहम्मद अलीम और तस्लीम सिद्दीकी के रूप में हुई है। प्रशासन के अनुसार, तीनों पर रेरा का 77.66 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है। कई नोटिस जारी होने के बाद भी उन्होंने राशि जमा नहीं की, जिसके बाद प्रशासन ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।



कंपनियों के कार्यालयों का दौरा किया


प्रशासनिक टीम ने इससे पहले भी बकाया वसूली के लिए संबंधित कंपनियों के कार्यालयों का दौरा किया था। वहां घोषणा कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अतिरिक्त कंपनियों के दफ्तरों को कई बार सील भी किया गया। नोटिस और चेतावनी के बाद भी बकाया जमा न होने पर गुरुवार को तीनों निदेशकों को अरेस्ट कर लिया गया।




जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों से राजस्व वसूली का अभियान जारी रहेगा। बकाया राशि जमा न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.