नई दिल्ली: आईपीएल में हर खिलाड़ी का अनुभव अलग तरीके का रहा है। विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों ने पूरे करियर में कभी टीम नहीं बदली। वहीं, धोनी जैसे खिलाड़ियों को मजबूरन दूसरी टीमों के लिए खेलना पड़ा। अब अर्शदीप जैसे खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम बनाने के बाद ट्रेड कर दिया गया है। वह पहली बार किसी अन्य टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। हालांकि, कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो लगभग हर साल ऑक्शन पूल में आए हैं और उन्हें अलग-अलग टीमों ने खरीदा भी है। इन खिलाड़ियों में जयदेव उनादकट सबसे आगे हैं,जिन्हें 13 बार खरीदा गया है। यहां हम ऐसे ही खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं। जयदेव उनादकट ने आईपीएल में अपना सफर कोलकाता नाइट राइडर्स से शुरू किया था। 2011 की नीलामी में कोलकाता ने उन्हें करीब 1.13 करोड़ रुपये में खरीदा। 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2.79 करोड़ रुपये खर्च किए। 2014 और 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें क्रमशः 2.8 करोड़ और 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा। 2016 में कोलकाता ने 1.6 करोड़ रुपये और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने 30 लाख रुपये खर्च किए। इसके बाद 2018 में राजस्थान रॉयल्स ने उनादकट पर 11.5 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाई। 2019 में राजस्थान ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में फिर खरीदा, जबकि 2020 में 3 करोड़ रुपये खर्च किए। 2022 में मुंबई इंडियंस ने 1.3 करोड़, 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 50 लाख और 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.6 करोड़ रुपये में उन्हें अपने साथ जोड़ा। 2025 की नीलामी में हैदराबाद ने उन्हें एक करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह वह 13 बार नीलामी में बिकने वाले पहले खिलाड़ी हैं। भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा भी सात बार आईपीएल नीलामी में बिक चुके हैं। उन्होंने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स से अपना आईपीएल सफर शुरू किया, जहां उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा गया था। 2016 में किंग्स इलेवन पंजाब ने उन पर 6.5 करोड़ रुपये खर्च किए। 2018 में पंजाब ने उन्हें 2.4 करोड़ रुपये में दोबारा खरीदा। 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 करोड़ रुपये खर्च कर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। 2020 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 50 लाख रुपये में खरीदा। इसके बाद 2023 में गुजरात टाइटंस ने 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। 2025 की मेगा नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने मोहित पर 2.2 करोड़ रुपये खर्च किए। इस तरह वह सात बार बिकने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। भारत के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी आईपीएल नीलामी में सात बार खरीदे गए हैं। 2008 की पहली नीलामी में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2011 में डेक्कन चार्जर्स ने 2.25 करोड़ रुपये खर्च किए। 2012 में भी डेक्कन चार्जर्स ने उन्हें 4.75 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। 2013 और 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार दो बार 4.75-4.75 करोड़ रुपये में उन्हें खरीदा। 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके बाद 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा। इस तरह अमित मिश्रा भी सात बार नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। वह छह बार आईपीएल नीलामी में बिक चुके हैं। 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें एक करोड़ रुपये में खरीदा था। 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि 2018 में मुंबई इंडियंस ने 5.4 करोड़ रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। 2020 में कोलकाता ने कमिंस पर 15.5 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाई। 2022 में भी कोलकाता ने उन्हें 7.25 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके बाद 2024 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 20.5 करोड़ रुपये में खरीदकर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल कर दिया। छह बार बिकने वाले खिलाड़ियों में युवराज सिंह, ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक जैसे नाम भी शामिल हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.