नई दिल्ली: दिवाली और ईद को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी में अब जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, दोनों के बयानों पर सवाल उठाए हैं। रशीदी का आरोप है कि दोनों नेता अपने-अपने वोट बैंक को साधने के लिए नपे-तुले बयान दे रहे हैं। उन्होंने खरगे के दिवाली के साथ ईद का जिक्र करने और त्रिवेदी की ईद को भारतीय संस्कृति से जोड़ने वाली टिप्पणी पर अपनी बात रखी और कहा कि हिंदु भी ईद को ईद ही कहता है, बताएं अगर किसी के पास इसका कोई और नाम है तो।




समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में रशीदी ने कहा कि खरगे की राजनीति में उम्र बीत गई है। उन्हें दिवाली के साथ ईद बोलने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने मुसलमानों के वोट साधने के लिए ईद शब्द का इस्तेमाल किया। वहीं, त्रिवेदी ने हिंदू वोटों को ध्यान में रखकर ईद के भारतीय सभ्यता और समाज में वजूद पर सवाल उठाए। रशीदी ने कहा कि हिंदू समाज आजादी से पहले से ही इस त्योहार को ईद कहता आया है।





खरगे ने दिवाली को बताया था 'खुशियों का ईद'दरअसल, 7 नवंबर को मल्लिकार्जुन खरगे ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि यह पूरे देश में मनाया जाने वाला बड़ा त्योहार है। उन्होंने दिवाली को 'खुशियों का ईद' बताया था। साथ ही देश में शांति बनाए रखने और आपसी मतभेद दूर कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील की थी। उनके इस बयान पर बीजेपी ने आपत्ति जताई थी।





सुधांशु त्रिवेदी ने उठाए थे ईद शब्द पर सवाल11 नवंबर को बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने खरगे के बयान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन राजनीति का स्तर नीचे जा रहा है। उन्होंने खरगे के कर्नाटक से होने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब वहां त्योहारों के लिए 'उत्सव' या 'हब्बा' जैसे शब्द इस्तेमाल होते हैं, तो उन्होंने दिवाली के लिए ईद शब्द का इस्तेमाल क्यों किया। त्रिवेदी ने इसे भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अनादर बताया था।





रशीदी बोले- हिंदू भी ईद को ईद ही कहते हैं

  • मौलाना साजिद रशीदी ने त्रिवेदी की टिप्पणी पर कहा कि आजादी से पहले और बाद में भी हिंदू समाज के लोग ईद को इसी नाम से जानते और बुलाते आए हैं। उन्होंने सवाल किया कि हिंदू समाज में ईद का कोई दूसरा नाम है तो बताया जाए।

  • रशीदी ने यह भी कहा कि ईद अरबी भाषा का शब्द जरूर है, लेकिन केवल इस आधार पर इसे भारतीय समाज और संस्कृति से अलग नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, दोनों नेताओं के बयान वोट बैंक की राजनीति से जुड़े हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.