हेमेन्द्र त्रिपाठी, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी कमर कसते हुए नजर आ रहे हैं। इन सबके बीच पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की पार्टी आजाद अधिकार सेना ने अपनी सांगठनिक और चुनावी गतिविधियों को तेज कर दिया है। पार्टी अब तक 34 जिलों की कुल 55 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है।
संगठन का कहना है कि यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकाधिक विधानसभा क्षेत्रों में सशक्त और निष्ठावान प्रत्याशियों की अगली सूचियां जारी की जाएंगी।
मेरठ और प्रयागराज समेत कई जिलों में 3-3 टिकट
अलग-अलग जिलों में सीटों के सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया गया है। इसमें चंदौली और हरदोई में 4-4 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। वहीं मेरठ, देवरिया, वाराणसी एवं प्रयागराज जैसे प्रमुख जनपदों में 3-3 विधानसभा सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं। शेष जिलों में भी स्थानीय आधार पर प्रत्याशियों को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षक, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मौका
पार्टी के सभी घोषित प्रत्याशियों ने अपने-अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधा संवाद, जनसंपर्क और चुनावी प्रचार अभियान औपचारिक रूप से प्रारंभ कर दिया है। पार्टी का दावा है कि घोषित किए गए उम्मीदवारों में समाज के अलग-अलग बौद्धिक और कर्मठ तबकों की मजबूत हिस्सेदारी है। इनमें प्रमुख रूप से अधिवक्ता, शिक्षाविद, जमीनी सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार तथा अन्य प्रतिष्ठित पेशों से जुड़े लोग शामिल हैं।
पार्टी का उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं: अमिताभ ठाकुर
अमिताभ ठाकुर ने चुनावी रणनीति पर बात करते हुए कहा कि पार्टी का चुनावी उद्देश्य केवल सीटें जीतना या सत्ता का खेल खेलना नहीं है। बल्कि प्रदेश में व्याप्त अन्याय, अत्याचार और संस्थागत भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर संघर्ष करना और आम नागरिकों के बुनियादी अधिकारों की रक्षा को एक बड़े जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी इस चुनाव के माध्यम से जनता के असली और ज्वलंत मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने और उत्तर प्रदेश में एक सशक्त अधिकार-आधारित राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.