अंकारा: अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार से तुर्की को बहुत बड़ा झटका लगा है। तुर्की अमेरिका से एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट खरीदना चाहते हैं और डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन करीब करीब राजी भी कर चुके थे लेकिन रिपब्लिकन पार्टी की हार ने सारे गणित खराब कर दिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी को कभी पसंद नहीं आया कि तुर्की ने कैसे रूसी एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीद लिया।




डोनाल्ड ट्रंप तुर्की को तभी एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट बेच पाएंगे जब अमेरिकी संसद से इसकी इजाजत दी जाएगी और अब जबकि संसद में डेमोक्रेटिक पार्टी के पास बहुमत है तो तुर्की की उम्मीद टूट रही हैं। ब्रसेल्स स्थित 'इंस्टीट्यूट फॉर डिप्लोमेसी एंड इकोनॉमी' के नीति विश्लेषक और तुर्की के पूर्व राजनयिक टेकिनेश ने 'तुर्की टाइम्स' से कहा कि चुनाव में मिली हार के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एर्दोआन के संबंध महत्वपूर्ण बने रहेंगे लेकिन एफ-35 का सवाल अब पीछे छूट गया है।




उन्होंने अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के परिणाम को तुर्की के लिए अच्छा नहीं बताया लेकिन उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा।





तुर्की के लिए एफ-35 स्टील्थ फाइटर खरीदना क्यों हुआ मुश्किल?डोनाल्ड ट्रंप ने कई मौकों पर तुर्की को एफ-35 बेचने को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई थी। ट्रंप प्रशासन ने तुर्की के सामने शर्त रखा था कि अगर एर्दोगन एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम से पीछा छुड़ा लेते हैं तो अमेरिका एफ-35 बेचने के लिए तैयार हो जाएगा। लेकिन तुर्की के लिए दिक्कत ये है कि वो एस-400 बेच ही नहीं पा रहा है। तुर्की लगातार संयुक्त अरब अमीरात से लेकर मिस्र तक को एस-400 बेचने की कोशिश कर रहा है लेकिन वो डील नहीं कर पा रहा है।




दरअसल तुर्की एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम तभी बेच पाएगा जब रूस से उसे इजाजत मिले। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सितंबर महीने में कहा था कि तुर्की के एस-400 बेचने का रूस विरोध नहीं करेगा लेकिन तुर्की किसे बेचेगे उसके लिए रूस से सहमति लेनी होगी। उन्होंने तुर्की को एस-400 एयर डिफेंस को लेकर कॉन्ट्रैक्ट भी याद दिलाया था।




तुर्की के एक्सपर्ट्स का मानना है कि एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट डील के लिए डोनाल्ड ट्रंप सबसे अच्छे राष्ट्रपति साबित होते लेकिन चुनावी नतीजे के बाद ट्रंप की संसद में क्षमता कमजोर हो गई है। टेकिनेश ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप तुर्की को एफ-35 बेचने को लेकर सारी स्थिति बदल सकते थे लेकिन अब कांग्रेस में उनके पास संख्या बल नहीं है और खुद उनकी अपनी रिपब्लिकन पार्टी के अंदर ताकत कितनी बची है इसपर सवाल हैं।






तुर्की को एफ-35 को लेकर क्यों थी ट्रंप से उम्मीद?'कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी कांग्रेस का कोई भी कदम F-35 की संभावित बिक्री या प्रतिबंधों में ढील देने के मामले में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है और इसलिए एर्दोगन और ट्रंप के बीच किसी भी राजनीतिक समझौते में इन कानूनी बाधाओं को दूर करना जरूरी होगा। टेकिनेश का मानना है कि अगर डोनाल्ड ट्रंप भरोसा दिलाते जो कि वो दिला सकते थे तो तुर्की एस-400 को किसी तीसरे दश को बेचने के लिए बात कर सकता था।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.