विशाल सिंह, गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और पराली जलाने के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव के लगातार अयोध्या जाने को लेकर उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि वह कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं, अच्छा कर रहे हैं। वहीं, पराली जलाने के मुद्दे पर उन्होंने सिर्फ पंजाब का नाम लिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भी खुलेआम पराली जलाई जा रही है।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर बृजभूषण का तंजसपा प्रमुख अखिलेश यादव के लगातार अयोध्या जाने के उद्देश्य को लेकर जब पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि कुछ सवाल ऐसे होते हैं, जिन्हें समय के साथ दफन कर देना चाहिए।
बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वो कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं, अच्छा कर रहे हैं, अब जो निकालना है वो निकाल लो।" उनके इस बयान को सियासी हलकों में अखिलेश यादव के अयोध्या दर्शन पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
पराली जलाने पर सिर्फ पंजाब की चर्चा क्यों?पराली जलाने के मुद्दे पर बृजभूषण शरण सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि पराली जलाने को लेकर सिर्फ पंजाब की ही बात क्यों की जा रही है, जबकि कई अन्य राज्यों में भी खुलेआम पराली जलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बस्ती, गोरखपुर, बलरामपुर सहित कई जिलों और बिहार में भी बड़े पैमाने पर पराली जलाई जा रही है। जब इन राज्यों में भी पराली जलाने पर प्रतिबंध है तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
सैटेलाइट से पता चल सकता है किस खेत में जलाई गई परालीबृजभूषण ने कहा कि अब तकनीक इतनी विकसित हो गई है कि सैटेलाइट के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि किस खेत में पराली जलाई गई है और किस खेत में नहीं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना सवाल खड़े करता है।
उन्होंने पराली जलाने से होने वाले नुकसान पर भी चिंता जताई। बृजभूषण के मुताबिक, किसानों को जागरूक करने और उन्हें जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है। पराली जलाने से जमीन को उपजाऊ बनाने वाले कीट नष्ट हो जाते हैं, जिसका सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को ही उठाना पड़ता है।
किसानों के साथ अधिकारियों को भी बताया जिम्मेदारपूर्व सांसद ने कहा कि किसान जागरूक नहीं हैं और जिन अधिकारियों को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए, वे भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने पराली जलाने के मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए।
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि लगातार सवाल उठाने के बावजूद सरकार और प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि यह सवाल सरकार और प्रशासन से पूछा जाना चाहिए।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.