नई दिल्ली: बांग्लादेश की राजधानी ढाका की झुग्गी-बस्तियों को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स प्रसारित करने का मामला अब भारत के विदेश मंत्रालय तक पहुंच गया है। करीब 150 चीनी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और व्लॉगर्स पर कथित तौर पर इस तरह का भ्रामक अभियान चलाने के आरोप लगे हैं। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये व्लॉगर्स ढाका के गंदे और झुग्गी-झोपड़ियों वाले इलाकों में पहुंचकर लाइव वीडियो बना रहे हैं और उन्हें भारत की राजधानी या भारतीय इलाकों के रूप में पेश कर रहे हैं। इस पूरे मामले पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है।




ढाका को दिल्ली बताने की कोशिश पर भारत ने क्या कहा?विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत ने इससे जुड़ी मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। उन्होंने किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की कोशिशों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जायसवाल ने कहा, 'जहां तक ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने के लिए बाहरी लोगों को पैसे देकर इस्तेमाल करने की बात है, तो इस तरह के झूठे नैरेटिव फैलाने से केवल उन्हीं लोगों की विश्वसनीयता कम होती है जो ऐसा कर रहे हैं और जो लोग इसके पीछे हैं।'



संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की अपीलभारत ने इस मामले को केवल सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे वीडियो तक सीमित नहीं माना, बल्कि इसके पीछे की मंशा पर भी सवाल उठाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।





  • दरअसल, किसी दूसरे देश के शहर की तस्वीर को भारत की राजधानी बताकर पेश करना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत धारणा बनाने की कोशिश माना जा सकता है। ऐसे में भारत की चिंता सिर्फ इन वीडियो की विषयवस्तु को लेकर नहीं, बल्कि इनके जरिए फैलाए जा रहे कथित भ्रामक नैरेटिव को लेकर भी है।

  • फिलहाल, चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियों और इन वीडियो के पीछे की मंशा को लेकर बांग्लादेशी मीडिया में सामने आई रिपोर्टों पर नजर बनी हुई है। भारत ने साफ कर दिया है कि इस तरह किसी देश की छवि बिगाड़ने वाली कोशिशों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.