जयपुर: जयपुर की फैमिली कोर्ट-4 ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए माना है कि पति पर अप्राकृतिक संबंध (अननैचुरल सेक्स) के बिना आधार के झूठे आरोप लगाना गंभीर 'मानसिक क्रूरता' की श्रेणी में आता है। अदालत ने 23 साल पुरानी शादी को समाप्त करते हुए पति के पक्ष में तलाक की डिक्री जारी कर दी है।




कानून की जानकार होकर भी दर्ज कराई झूठी FIRफैसला सुनाते हुए जज प्रियंका पिलानिया ने टिप्पणी की कि पत्नी पेशे से वकील है और कानून की अच्छी जानकार है। इसके बावजूद उसने पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और परेशान करने की नीयत से 10 साल पुराने मामलों को घसीटते हुए अप्राकृतिक संबंध जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। कोर्ट ने इसे अत्यंत गंभीर क्रूरता माना।




इसके अलावा, अदालत ने पाया कि पत्नी बिना किसी वाजिब कारण के साल 2006 से ही अपना ससुराल छोड़कर पति से अलग रह रही थी। पत्नी का यह अपमानजनक व्यवहार और लगातार गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाना तलाक का मुख्य आधार बना। मामले में न्यायमित्र (अधिवक्ता) कुमुद राठौड़ ने पति का पक्ष रखा।




क्षमता से अधिक कमाई की उम्मीद करना भी मानसिक क्रूरताअदालत ने पति की आर्थिक स्थिति पर पत्नी के विरोधाभासी बयानों को भी रेखांकित किया। कोर्ट ने कहा कि हर व्यक्ति की काम करने की क्षमता अलग होती है। यदि पत्नी लगातार पति की क्षमता से अधिक पैसों की मांग करे और ताने देकर उसका अपमान करे, तो यह भी मानसिक प्रताड़ना है। पत्नी ने एक तरफ कहा कि पति दिनभर शराब पीता है और कोई काम नहीं करता, जबकि घरेलू हिंसा के केस में दावा किया कि वह कोचिंग चलाकर प्रति माह 1 लाख रुपये कमाता है।




शिक्षित महिला से केवल घरेलू काम की उम्मीद गलतहालांकि, अदालत ने पति द्वारा पत्नी पर लगाए गए कुछ आरोपों को खारिज भी किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि महिला शिक्षित है, तो उससे यह अपेक्षा करना गलत है कि वह अपनी पढ़ाई छोड़कर सिर्फ घरेलू काम करे या सास की देखभाल करे, जबकि पति स्वयं ऐसा करने में सक्षम है। किसी महिला का स्वतंत्र रूप से जीना और अपने व्यक्तित्व के अनुसार आचरण करना मानसिक क्रूरता नहीं है। लेकिन झूठे आपराधिक मामलों में फंसाना कानूनन क्रूरता है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.