रांची: झारखंड की राजनीति में आजकल खटारा बुलेटप्रूफ कार हॉट टॉपिक है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी को वापस लौटा दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे एक तीखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी जर्जर गाड़ी को नहीं बदला गया। अधिकारियों का कहना है कि वाहन बदलने पर 'ऊपर से रोक' है। मरांडी ने सवाल उठाया कि यह 'ऊपर' कौन है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई गाड़ियां खुद के लिए रख रही है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्रियों को खटारा वाहनों के सहारे छोड़ दिया गया है। इसके लिए बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को लंबा-चौड़ा पत्र लिखा है।
बुलेटप्रूफ कार पर बढ़ी तकरारबाबू लाल मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराई गई 13 वर्ष पुरानी और बार-बार बीच रास्ते में खराब होने वाली बुलेटप्रूफ गाड़ी सरकार को ससम्मान लौटाने का निर्णय लिया है। ये शिकायत अब अकेले मेरी भी नहीं रह गई है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा जी ने भी अपने सुरक्षा वाहनों की हालत पर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार, उनके कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह पत्र भेजे गए। उन्होंने यह भी बताया कि 14 मार्च 2026 को गृह विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद भी शिकायत बनी रही। अभी 6 नवंबर की रात चौका के पास उनके काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
गाड़ी का बीच रास्ते में बंद होना आपके कार्यालय की फाइल में मरम्मत का एक मामूली मामला हो सकता है। सड़क पर उसकी कीमत चालक और सुरक्षाकर्मियों को चुकानी पड़ती है। मेरी सुरक्षा में तैनात उन जवानों से आपका क्या मतभेद है जिन्हें अपनी हर ड्यूटी इन्हीं गाड़ियों में करनी पड़ती है।
21 मार्च 2026 को मैंने सीधे आपको पत्र लिखकर इस विषय की ओर ध्यान दिलाया था। दिसंबर 2024 में 17 नए बुलेटप्रूफ वाहन खरीदे जाने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्रियों को सुरक्षित वाहन उपलब्ध क्यों नहीं कराए जा रहे हैं? आखिर गाड़ी बदलने पर 'ऊपर से रोक' किसके आदेश पर लगी है?
हमारी मांग है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों पर समीक्षा हो, गृह विभाग की संबंधित फाइल मंगाकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा मेरे पिछले पत्र और मेरे कार्यालय की शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाए।'
'कोई हमेशा मुख्यमंत्री नहीं रहता'बाबूलाल मरांडी ने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पद के स्थायित्व की याद दिलाते हुए एक कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता और पद हमेशा किसी के पास नहीं रहते और एक दिन सोरेन के नाम के आगे भी 'पूर्व मुख्यमंत्री' लगेगा। बाबू मरांडी ने पूछा कि अगर कल को पूर्व मुख्यमंत्री बनने पर हेमंत सोरेन की गाड़ी रास्ते में बंद हो जाए और अधिकारी कहें कि 'ऊपर से रोक है', तो वे सरकार से कैसी जवाबदेही की उम्मीद करेंगे? उन्होंने कहा कि आज अधिकार हेमंत सोरेन के पास हैं, इसलिए उन्हें जवाब देना होगा।