मुंबई: उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए बीजेपी ने चुनावी रणनीति का दायरा यूपी की सीमाओं से बाहर तक बढ़ा दिया है। मुंबई, पुणे, सूरत, राजकोट, कोलकाता और नई दिल्ली में बसे भारतीयों के सामाजिक नेटवर्क के जरिए यूपी के चुनावी समीकरण मजबूत करने की तैयारी है। वोट बढ़ाने के लिए बीजेपी की नजर नेताओं से ज्यादा इस बार उन प्रोफेशनल्स न एनजीओ पर है, जिनकी बात उनके गांव-परिवार में सुनी जाती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी मास्टर प्लान में यूपी की 2027 की चुनावी जंग में बीजेपी की रणनीति का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पार्टी चुनावी संपर्क को यूपी की सीमाओं से बाहर विस्तार देकर इस चुनाव को राष्ट्रीय विमर्श का स्वरूप देने जा रही है।
यूपी का अगला विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए 2029 लोकसभा चुनाव की बुनियाद रखेगा इसलिए किसी भी कीमत पर उत्तर प्रदेश को अपनी सत्ता से बाहर नहीं जाने देगी। 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी से मिले राजनीतिक झटके ने पार्टी को अपनी रणनीति पर नए सिरे से विचार करने के लिए मजबूर किया है। चुनावी रणनीति की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथ है। कमजोर बूथों को मजबूत करना, युवाओं की नाराजगी दूर करना, बिगड़े जातीय समीकरणों को साधना और संगठनात्मक मतभेदों को खत्म करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्राथमिकता को पूरी करने की चुनावी तैयारी में मुंबई भी एक महत्वपूर्ण रणनीतिक केंद्र है इसलिए विनोद तावड़े को यूपी चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, जो यूपी और मुंबई को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
समाजसेवियों तक पहुंच
मुंबई एमएमआर रीजन में उत्तर भारतीयों की बड़ी आबादी बीजेपी के लिए संभावित राजनीतिक नेटवर्क है। पार्टी की रणनीति सामान्य कामकाज करने वाले लोगों के अलावा कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, एडवोकेट्स, इंजीनियर्स, डॉक्टर्स, एमबीए, कंसल्टेंट्स, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और एनजीओ से जुड़े लोगों सहित समाजसेवियों तक पहुंच बनाने की है। खासकर, प्रोफेशनल्स को सक्रिय करने की कोशिश कर रही है।
हर विधानसभा में 3% वोट बढ़ाने का लक्ष्य
बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि मुंबई में कमाने वाले यूपी के लोगों का गांव से बहुत मजबूत संबंध है। उनकी राजनीतिक राय की गांव, परिवार और रिश्तेदारों में कद्र की जाती है। इसी सामाजिक रिश्ते को चुनावी संवाद का माध्यम बनाने की तैयारी है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी की योजना के मुताबिक, दिसंबर के अंत से ऐसे लोगों से सीधे संपर्क तेज किया जाएगा। उन्हें यूपी में अपने परिचितों और रिश्तेदारों से बीजेपी के पक्ष में संवाद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बीजेपी का लक्ष्य इस नेटवर्क के जरिए यूपी के हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 3 प्रतिशत अतिरिक्त वोट हासिल करने की संभावनाएं तलाशना बताया जा रहा है।
अन्य शहरों पर डोरे डाल रही बीजेपी
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक पार्टी की रणनीति केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहेगी। नई दिल्ली, कोलकाता, सूरत और राजकोट जैसे शहरों में भी भारतीय समुदायों के बीच संपर्क बढ़ाने की योजना है।
सामाजिक समीकरण को एक साथ जोड़ने की कोशिश
राजस्थान और गुजरात के पिछले चुनाव में ऐसे ही प्रवासी संपर्क अभियान से मिला लाभ इस रणनीति का आधार है। इस प्लानिंग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रणनीति की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी की कोशिश सामाजिक समीकरण और चुनावी संदेश को एक साथ जोड़ने की है। प्रवासी उत्तर भारतीयों को केवल संभावित समर्थक नहीं, बल्कि अपने परिवार और परिचितों तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने वाले संपर्क सूत्र के रूप में देखा जा रहा है। इस रणनीति का उद्देश्य यूपी के बाहर मौजूद सामाजिक नेटवर्क को यूपी के चुनावी अभियान से जोड़ना है। पार्टी को उम्मीद है कि घर परिवार के कमाने वाले सदस्यों के संपर्क के कारण कमजोर क्षेत्रों में राजनीतिक संवाद बढ़ेगा और चुनावी समर्थन मजबूत करने में मदद मिलेगी। बीजेपी का मुंबई, नई दिल्ली और राजकोट जैसे शहरों से तैयार किया गया यह प्रवासी नेटवर्क पार्टी का अतिरिक्त राजनीतिक माध्यम है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.