दिवाली मनाने के दौरान देश के कई हिस्सों में आग लगने और पटाखों के चलते दुर्घटनाओं की खबरें सामने आईं हैं. इनमें कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए या लापता हैं. दिल्ली से लेकर पुणे, नागपुर, जम्मू, मुंबई, गंगटोक, राजस्थान और यूपी के बांदा तक आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं.
पुणे में आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं हैं, जबकि राजस्थान के पाली में पटाखों की एक दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई. दिल्ली में एक 10 साल के लड़के की मौत हो गई, जब एक रॉकेट वाला पटाखा उसके पेट में जा लगा. राजस्थान के पाली के फालना कस्बे में स्वर्ण मंदिर के पास रविवार रात करीब 10 बजे पटाखों की एक दुकान में भीषण आग लग गई. इस घटना में 3 दुकानें जलकर खाक हो गईं और 2 लोगों की मौत हो गई. एक व्यक्ति झुलस गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश जारी है.
राजस्थान के पाली में बड़ा हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क पर पटाखे फोड़े जा रहे थे, जिससे निकली चिंगारी बाजार में पटाखों की दुकान तक पहुंच गई और आग लग गई. आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे दुकानदारों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से दो स्कूटर, एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल भी जलकर नष्ट हो गईं. इसके अलावा पास की एक बैटरी की दुकान और बर्तनों/कटलरी की दुकान को भी नुकसान पहुंचा है.
दिल्ली के नरेला में 10 साल के लड़के के पेट में रॉकेट पटाखा लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना तब हुई जब बच्चा पटाखे जला रहे थे. बताया जा रहा है कि रॉकेट उसके पेट में जा घुसा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुणे में 63 मामले
पुणे में लक्ष्मी पूजा के मौके पर आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं. ये सभी घटनाएं पटाखों की वजह से हुईं. दमकल विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया. इन घटनाओं में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है.
ठाणे की बिल्डिंग में आग
सिक्किम के गंगटोक में रविवार रात फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित एक सरकारी क्वार्टर में आग लग गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार यह आग पटाखों की वजह से लगी. ठाणे से भी एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां रविवार रात करीब 8.30 बजे वागले एस्टेट के रहेजा गार्डन कॉम्प्लेक्स में स्थित 17 मंजिला कार्लाइल बिल्डिंग में आग लग गई. इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
यूपी के बांदा में लगी आग
उत्तर प्रदेश के बांदा में रविवार देर रात बबेरू रोड पर स्थित कबाड़ की एक दुकान में भीषण आग लग गई. दुकान में बड़ी मात्रा में कबाड़ जमा होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. दुकान के मालिक का आरोप है कि किसी ने जानबूझकर दुकान के अंदर पटाखे फेंके, जिससे आग लग गई. उन्होंने 20-25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है.
जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने जारी किए 4 आतंकियों के पोस्टर, लोगों से सूचना देने की अपील
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.