श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में दिवाली से पहले सुरक्षा बंदोबस्त की जांच और निरीक्षण के लिए एसएसपी रामबन अन्ना लता सिन्हा ने फुट पेट्रोलिंग की। उनके साथ दूसरे अफसर भी मौजूद रहे। जम्मू कश्मीर में दीपावली के पर्व से पहले कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। कठुआ, सांबा, उधमपुर, राजौरी, पुंछ और कश्मीर घाटी के जिले इसमें शामिल थे। रामबन के स्थानीय बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं और कड़ा पहरा दिया जा रहा है। रामबन से गुजरने वाले सबसे महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षा चौकियों (नाकों) को सक्रिय कर दिया गया है और सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
SSP मैडम भी चलीं पैदलSSP रामबन ने दीवाली से पहले सभी रैंक के अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर पैदल गश्त की। इस गश्त का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, भीड़-भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना, सतर्कता बनाए रखना और आम जनता के लिए एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित त्योहार का माहौल सुनिश्चित करना था। इसमें SOG, CRPF और पुलिस के सभी रैंक के जवानों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। रामबन पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे दीवाली शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी से मनाएं, सतर्क रहें, सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर डायल करें।
कौन हैं अन्ना लता सिन्हा?आईपीएस अन्ना लता सिन्हा ने 14 अक्टूबर 2026 को रामबन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। अन्ना लता सिन्हा (अनालता सिन्हा) 2022 बैच की अधिकारी हैं। पिछले महीने अक्टूबर में रामबन के एसएसपी का कार्यभार संभाला और कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एक शराबी पुलिसकर्मी को अनोखी सजा दी थी। ड्यूटी के दौरान शराब पीने वाले एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्होंने उसे सस्पेंड करने के बजाय नशामुक्ति केंद्र भेजा था।
डीयू की छात्रा, दिल्ली की रहने वालींअन्ना लता सिन्हा मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं और उनका जन्म 7 जनवरी 1995 को हुआ था। वह एक उच्च शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं और उनकी माता बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। उन्होंने डीयू से पढ़ाई की है। अन्ना लता सिन्हा ने पहले प्रयास में यूपीएससी (2021) की परीक्षा पास की थी। उन्हें ऑल इंडिया 112 रैंक मिली थी।