कार बाजार में अब कंपनियां केवल पेट्रोल और डीजल इंजन तक सीमित नहीं रहना चाहतीं. बेहतर माइलेज और आधुनिक तकनीक की तलाश कर रहे कस्टमर्स को ध्यान में रखते हुए हाइब्रिड गाड़ियों पर खास जोर दिया जा रहा है. ऐसे में जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा अपनी नई SUV Avancier लेकर आ रही है. कंपनी ने हाल ही में इसका पहला टीजर जारी किया है. इस गाड़ी को 1 दिसंबर 2026 को पेश किया जाएगा.
नई Avancier कई मायनों में खास होने वाली है. यह होंडा की पहली ऐसी SUV होगी, जिस पर कंपनी का नया Honda Hybrid बैज देखने को मिलेगा. इसके साथ ही इसमें कंपनी का नया H लोगो भी दिया जाएगा. यह SUV होंडा की मौजूदा CR-V से ऊपर पोजिशन की जाएगी. यानी कंपनी इसे अपने बड़े और प्रीमियम SUV सेगमेंट में शामिल करने की तैयारी कर रही है.
होंडा की ओर से जारी टीजर में गाड़ी के डिजाइन की कुछ झलक देखने को मिली है. इसके फ्रंट में स्प्लिट हेडलैंप सेटअप दिया गया है. ऊपर की तरफ पतली LED डे टाइम रनिंग लाइट्स और नीचे इनवर्टेड U-शेप लाइट बार दिखाई देती है. यह डिजाइन SUV को मौजूदा होंडा कारों से अलग पहचान देता है. वहीं पीछे की तरफ पतली हॉरिजॉन्टल और वर्टिकल LED लाइटिंग देखने को मिलती है. बीच में होंडा का नया लोगो और उसके नीचे Avancier की बैजिंग दी गई है. इसके अलावा रूफ पर इंटीग्रेटेड स्पॉइलर भी नजर आता है. कंपनी इस डिजाइन को अपनी आने वाली कारों के लिए भी इस्तेमाल कर सकती है.
इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका नया हाइब्रिड सिस्टम होगा. होंडा अब अपनी पुरानी e:HEV ब्रांडिंग को बदलकर Honda Hybrid नाम इस्तेमाल करने जा रही है. कंपनी ने 2020 से अपनी इलेक्ट्रिफाइड कारों में e:HEV नाम का इस्तेमाल किया है. Avancier इस नई ब्रांडिंग वाली पहली कार होगी. कंपनी के मुताबिक नई जनरेशन के हाइब्रिड सिस्टम का लक्ष्य पहले के मुकाबले 10 परसेंट से ज्यादा बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी हासिल करना है. इसके साथ ही सिस्टम की लागत में 30 परसेंट से ज्यादा कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है.
गाड़ी के इंटीरियर को लेकर होंडा ने अभी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है. हालांकि कंपनी की नई जनरेशन कारों में Asimo ब्रांडेड इंटरफेस आने की बात कही गई है. इसके साथ बड़े और ज्यादा ब्राइट डिस्प्ले देखने को मिल सकते हैं. कंपनी केबिन में कम लेकिन बेहतर क्वालिटी वाले मटेरियल इस्तेमाल करने पर भी काम कर रही है. इससे कार का इंटीरियर ज्यादा साफ-सुथरा और प्रीमियम बनाया जा सकता है.
होंडा की नई Avancier का प्रोडक्शन थाईलैंड में किए जाने का प्लान बताया गया है. इसे राइट हैंड ड्राइव मॉडल के रूप में तैयार किया जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक जापान और ऑस्ट्रेलिया में अगले साल इसकी बिक्री शुरू होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि भारतीय ग्राहकों को अभी इंतजार करना होगा. कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. होंडा ने 2030 तक भारतीय बाजार में कई नए मॉडल लाने की बात जरूर कही है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.