नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में उस वक्त बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब भारतीय बल्लेबाज नमन धीर को बाउंड्री लाइन पर एक बेहद विवादित कैच के बाद आउट करार दे दिया गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में 135 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए नमन धीर ने 16 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 12 रन बनाए थे। टिम सेफर्ट की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वे बाउंड्री के पास फील्डर के हाथों लपके गए, लेकिन इस कैच को लेकर फैंस और विशेषज्ञों के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
बाउंड्री लाइन पर ड्रामा और केएल राहुल की अंपायरों से तीखी बहसयह पूरा वाकया उस समय हुआ जब नमन धीर के शॉट पर बाउंड्री लाइन के बिल्कुल करीब खड़े कीवी फील्डर ने कैच लपकने का दावा किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और रीप्ले से यह संदेह जताया गया कि कैच पूरा करते समय फील्डर का पैर या शरीर बाउंड्री कुशन को छू रहा था। वहीं कुशन पीछे नजर आ रहा था। इस फैसले से मैदान पर काफी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। केएल राहुल ऑन-फील्ड अंपायरों से लंबी बातचीत करते दिखे और उन्होंने अलग-अलग कैमरों के एंगल्स की स्पष्टता पर सवाल भी उठाए, हालांकि थर्ड अंपायर ने रीप्ले देखने के बाद फील्डर के पक्ष में ही फैसला सुनाया।
सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा और अंपायरिंग पर उठे गंभीर सवालथर्ड अंपायर के इस फैसले के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। फैंस ने अंपायरिंग पर सवाल उठाते हुए इसे फॉल प्ले करार दिया और आरोप लगाया कि थर्ड अंपायर ने बेहद जल्दबाजी में फैसला सुनाया। वायरल क्लिप्स को शेयर करते हुए फैंस का साफ तौर पर कहना था कि इतने करीबी और ऐसे मामलों में बेनिफिट ऑफ द डाउट हमेशा बल्लेबाज के पक्ष में ही जाना चाहिए था।
तनावपूर्ण मुकाबले में भारत ने दर्ज की 4 रनों से रोमांचक जीतइस बड़े विवाद और झटके के बावजूद भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित और तनावपूर्ण मोड़ पर पूरी तरह अपना धैर्य बनाए रखा। 26 ओवरों में 7 विकेट पर 113 रन बनाने के बाद बारिश के कारण मैच रुक गया और डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत पार स्कोर से 4 रन आगे रहा। इस तरह भारत ने 4 रनों से यह थ्रिलर मुकाबला जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस मैच में गुरनूर बराड़ को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।