मुंबई : मुंबई में नए घर का सपना देख रहे 557 परिवारों का इंतजार शुक्रवार को पूरा हो गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार की मौजूदगी में 557 परिवारों को घरों की चाबियां सौंप दी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीडीडी पुनर्विकास पर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि सालों से यह सवाल उठ रहा था कि क्या बीडीडी चॉल का कभी पुनर्विकास हो पाएगा या नहीं। अब आप निश्चिंत रहें। BDD प्रोजेक्ट 100 प्रतिशत समय पर पूरा किया जाएगा। हमने ब्रेक नहीं लगाया है, बल्कि पूरी तेजी से काम आगे बढ़ा रहे हैं। एक अन्य कार्यक्रम में मुंबई के 140 सफाई कर्मचारियों को भी चाबियां सौंपी गईं।
धनतेरस पर मिला नया घरधनतेरस के शुभ अवसर पर लोअर परेल के एन. एम. जोशी मार्ग क्षेत्र के 557 परिवारों को 500 वर्ग फुट के, सभी सुविधाओं से लैस घरों की चाबियां सौंपी गईं। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने वादा किया कि पूरे प्रोजेक्ट के तहत घरों का वितरण दिसंबर 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा। पूरे विश्वास के साथ कहा गया कि देश के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक, यह ऐतिहासिक और लंबे समय से रुका हुआ काम अब तय समय पर पूरा हो जाएगा। इस अवसर पर स्पीकर राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के उप सभापति सचिन अहीर, मंत्री आशीष शेलार, राज्य मंत्री पंकज भोयर, सांसद मिलिंद देवरा, मुंबई की मेयर रितु तावड़े, उप मेयर संजय घाडी, विधायक सुनील शिंदे, विधायक मनीषा कायंदे, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी, म्हाडा के उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल मौजूद रहे।
15 लाख रुपये में पुलिस आवासएकनाथ शिंदे ने कहा कि पुलिस आवास की कीमत पहले 50 लाख रुपये तय की गई थी, लेकिन निवासियों की मांग को देखते हुए इसे घटाकर 15 लाख रुपये करने का एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। वर्तमान निर्माण लागत के अंतर और अन्य सुझावों पर भी सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। म्हाडा कोई मुनाफा कमाने वाली संस्था नहीं है, बल्कि, यह एक ऐसा संस्थान है जो गुणवत्तापूर्ण आवास और सुविधाएं प्रदान करने के लिए समर्पित है। शिंदे ने कहा कि कोस्टल रोड, अटल सेतु, मेट्रो नेटवर्क, वर्ली-वर्सोवा-मीरा-भायंदर कॉरिडोर, ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एलिवेटेड रोड, घोड़बंदर बाईपास, ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव टनल और वर्ली-सेवरी कनेक्टर जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं मुंबई की तस्वीर बदल रही हैं।
बालासाहेब का सपना करेंगे पूराशिंदे ने कहा कि अगले 15 से 20 वर्षों में मुंबई-MMR क्षेत्र में 20 से 25 लाख घर बनाना है। इसमें किफायती आवास, किराये के मकान, और महिला कामगारों, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों तथा मिल के पूर्व कर्मचारियों के लिए विशेष आवासीय सुविधाएं तैयार करना शामिल है। शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे के 40 लाख घर बनाने के सपने को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई, जिसका अंतिम लक्ष्य मुंबई को झुग्गी-मुक्त शहर बनाना है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.