देहरादून: 2007 उत्तराखंड कैडर के चर्चित IAS अधिकारी दीपक रावत को लेकर एक बार फिर सियासत गरमाई हुई है। इस बार दीपक रावत का कोई वीडियो या अफसरों के बीच वीडियो वायरल नहीं हुआ, बल्कि राजनीति में एंट्री को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी की एक टिप्पणी से इसको लेकर नई चर्चा है।
कुमाऊं कमिश्नर और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कुछ ऐसा कहा कि उनके राजनीति में एंट्री की कयासबाजी शुरू हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान हेलीपैड पर स्वागत करने के लिए पहुंचे कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को लेकर एक टिप्पणी कर डाली।
सीएम ने ऐसा क्या कहा कि मुस्करा दिये सबसीएम धामी ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह खेड़ा के हाथों से फूलों का गुलदस्ता लेते हुए कहा कि आने वाले दिनों में कमिश्नर साहब को भी ऐसे ही आना है। सीएम की टिप्पणी के बाद आसपास खड़े लोग मुस्कुराने लगे। दीपक गढ़वाल मंडल से आते हैं, लेकिन कुमाऊं में भी लंबी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में ये सवाल उठ रहा है कि दीपक रावत अगर राजनीति में आते हैं तो कहां से किस्मत आजमाएंगे।
IAS दीपक रावत कौन हैं?
दीपक रावत मूलतः रुद्रप्रयाग के लोली गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म 14 सितंबर 1977 को हुआ। दीपक रावत की स्कूलिंग मसूरी के सेंट जॉर्ज स्कूल से हुई। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से इतिहास में ग्रेजुएशन किया फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। IAS बनने से पहले दीपक रावत एक IRS अधिकारी थे।
दीपक रावत बागेश्वर,नैनीताल जिलों के डीएम का कामकाज संभाल चुके हैं। इसके साथ ही एमडी कुमाऊं मंडल विकास निगम, और हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। दीपक रावत हरिद्वार कुंभ मेला अधिकारी, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक, पिटकुल के प्रबंध निदेशक और उरेडा के निदेशक जैसी जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। साल 2021 से वे कुमाऊं मंडल के आयुक्त और मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में तैनात हैं।
IAS दीपक रावत सोशल मीडिया में खासा एक्टिव नजर आते हैं। फेसबुक में 3 लाख से ज्यादा फॉलोइंग, यूट्यूब चैनल पर 40 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया में दीपक रावत के औचक निरीक्षण और अधिकारियों की क्लास लगाते काफी वीडियो पसंद किए जाते हैं। दीपक रावत कई बार मंचों से सुर लगाते हुए भी नजर आ चुके हैं।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.