वरुण शर्मा, बुलंदशहर: दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है। स्याना और खुर्जा में खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग कार्रवाइयों में मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। स्याना में करीब दो कुंतल छेना और रसगुल्ला (काला जामुन) नष्ट कराया गया, जबकि खुर्जा में एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयां तैयार किए जाने का मामला सामने आया।




स्याना में राजा लड्डू भंडार पर छापेमारीस्याना नगर में बुगरासी रोड स्थित राजा लड्डू भंडार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर छेना, गुलाब जामुन, रसगुल्ला और बंगाली रसगुल्ला के नमूने लिए। मौके पर करीब दो कुंतल छेना और रसगुल्ला नष्ट कराया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय और सुनील कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अखिलेश यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार कौशल और कस्बा चौकी इंचार्ज मनीष यादव मौजूद रहे।




मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गएटीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते हुए नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




खुर्जा में चौधरी स्वीट्स भंडार के गोदाम पर कार्रवाईवहीं, खुर्जा में जंक्शन मार्ग स्थित कलंदरगढ़ी के एक गोदाम में सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोप है कि प्रतिष्ठान में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में छेना और रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे। तैयार मिठाइयां मक्खियों से घिरी हुई थीं और उन्हें फूड ग्रेड बर्तनों में भी नहीं रखा गया था।




विभागीय टीम ने छेना, रसगुल्ला, सफोलाइट और रीठे समेत विभिन्न खाद्य सामग्रियों के पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए। मौके पर भारी मात्रा में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे तैयार रसगुल्ले और छेना नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।




अरारोट से बनाई जा रही थीं मिठाइयांसहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी, प्रतिष्ठान पर अरारोट, सफोलाइट और रीठे आदि का इस्तेमाल कर मिठाइयां तैयार किए जाने की बात सामने आई है। विभाग ने बिना लाइसेंस मिठाई निर्माण किए जाने के मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी दी है। यह प्रतिष्ठान प्रसिद्ध तेवतिया परिवार से जुड़ा बताया गया है।




दिवाली त्योहार तक जारी रहेगा अभियानसहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी ने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए जनपद की अलग-अलग तहसीलों में प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर लगातार छापेमारी की जा रही है। जहां भी खाद्य सामग्री खराब या अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार या संग्रहित मिलती है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य लोगों को मिलावट रहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.