मैहर: एमपी में मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत पपरा पहाड़ जंगल में करीब 11 महीने पहले हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की सनसनीखेज अंधी हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतिका की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी बड़ी बहन के प्रेमी ने की थी। नाबालिग ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद राज फाश होने के खौफ से आरोपी ने जंगल में घेरकर भारी पत्थर से सिर कुचलकर उसकी नृशंस हत्या कर दी थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों व कॉल डिटेल के आधार पर सीधी जिले के आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पत्थर व मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
17 जनवरी को भैंस चराने गई थी, 25 जनवरी को जंगल में मिला था शवपुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को मृतिका के पिता ने ताला थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 17 जनवरी को वे अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने मुकुंदपुर अस्पताल गए थे और 17 वर्षीय बेटी को भैंस चराने पपरा पहाड़ जंगल भेजा था। शाम को लौटने पर बेटी घर नहीं मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
गुमशुदगी के 8 दिन बाद यानी 25 जनवरी 2026 को पपरा पहाड़ के घने जंगलों में नाबालिग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर मिले। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने और भारी वस्तु से वार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
आपत्तिजनक हालत में देखा तो रची खौफनाक साजिशताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और साइबर सेल की टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले, तो सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत ग्राम बेलकशरी निवासी 21 वर्षीय शीतल केवट की भूमिका संदिग्ध पाई गई। 2 नवंबर 2026 को पुलिस ने संदेही शीतल को ग्राम कंदेहली बुलाकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसने सारा सच उगल दिया।
आरोपी शीतल केवट के मृतिका की बड़ी बहन से प्रेम संबंध थे। 16 जनवरी की दरमियानी रात वह कंदेहली स्थित प्रेमिका के घर मिलने पहुंचा था। इसी दौरान नाबालिग बहन ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोपी को डर सताने लगा कि नाबालिग सुबह माता-पिता के सामने भेद खोल देगी। इसी बदनामी और राज खुलने के डर से उसने हत्या की खौफनाक योजना बनाई।
बाल पकड़कर जमीन पर पटका, फिर सिर पर मारे कई पत्थरअगले दिन 17 जनवरी को जब नाबालिग अकेले पपरा पहाड़ पर मवेशी चराने गई, तो आरोपी चुपके से उसका पीछा करते हुए जंगल पहुंच गया। वहां उसने नाबालिग पर बात दबाने और परिजनों को कुछ न बताने का दबाव बनाया। जब किशोरी नहीं मानी और उसने परिजनों को बताने की बात कही, तो आरोपी ने गुस्से में उसके बाल पकड़कर पथरीली जमीन पर पटक दिया।
इसके बाद आरोपी ने जमीन पर पड़े वजनी पत्थर से उसके सिर पर लगातार कई घातक वार किए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने पत्थर को तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया और सामान्य बनकर पुलिस व परिजनों को गुमराह करता रहा।
आरोपी जेल भेजा गयापुलिस टीम ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर जंगल में ले जाकर हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी पत्थर और 'पीस' कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी शीतल केवट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.