2027 Hyundai Creta Launch Features Power : भारत में 4 मीटर से बड़ी एसयूवी खरीदने वालों की दरदिल अजीज हुंडई क्रेटा जल्द ही नए अवतार में आ रही है। जी हां, अगले साल क्रेटा को बड़े अपडेट्स मिलने वाले हैं, जिसमें कुछ बेहतर कॉस्मेटिक बदलावों के साथ ही सबसे बड़ा अपग्रेड यह होगा कि इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन आ सकता है। लंबे समय से क्रेटा हाइब्रिड का लोगों को इंतजार है और यह एसयूवी अब अपने सेगमेंट की डस्टर, ग्रैंड विटारा और विक्टोरिस का गेम बिगाड़ सकती है। फिलहाल, आज हम आपको आगामी 2027 हुंडई क्रेटा मॉडल की संभावित खूबियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आपको अंदाजा हो जाएगा कि क्या-क्या खास खूबियों के साथ आगामी क्रेटा हाइब्रिड आएगी।
सबसे पहले आपको बता दें कि 2027 हुंडई क्रेटा मॉडल की फिलहाल भारतीय बाजार में टेस्टिंग हो रही है। साल 2015 में पहली बार लॉन्च क्रेटा का यह थर्ड जेनरेशन मॉडल होगा और इसे SX3 कोडनेम दिया गया है। माना जा रहा है कि अगले साल भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 में इसकी झलक दिखलाई जा सकती है। हालांकि, हालिया समय में कई मौकों पर इसकी टेस्टिंग की तस्वीरें दिखी हैं और इन्हें देखकर लोगों में क्रेज और इंतजार दोनों काफी तेजी से बढ़ रहा है।

नया प्लैटफॉर्म और बेहतर एक्सटीरियर
- हुंडई क्रेटा के थर्ड जेनरेशन मॉडल को नए K3 प्लैटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। इसी आर्किटेक्चर पर सेकेंड जेनरेशन किआ सेल्टॉस को बेस्ड रखा गया है। इस प्लैटफॉर्म पर तैयार कारों में बेहतर इंटीरियर, स्पेस, डायमेंशन और स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग के साथ ही क्रैश प्रोटेक्शन की गुंजाइश रहती है।
- माना जा रहा है कि आगामी क्रेटा मॉडल मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा बड़ी और स्पेसियस होगी और इसके फ्रंट और रियर लुक के साथ ही ओवरऑल डिजाइन में भी काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
- टेस्ट म्यूल से निकली जानकारी की मानें तो इसमें नए डिजाइन की ग्रिल और रीडिजाइन्ड हेडलैंप्स के साथ ही स्प्लिट स्टाल लाइटिंग और एलईडी डीआरएस मिलेंगे। बाद बाकी इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील, डोर हैंडल्स दिखेंगे।
मॉडर्न इंटीरियर और अडवांस्ड फीचर्स
- 2027 हुंडई क्रेटा का इंटीरियर भी काफी बेहतर दिखेगा और इसमें रीडिजाइन्ड डैशबोर्ड के साथ ही फीचर्स भी काफी अपग्रेड हो गए हैं। इसमें 17 इंच तक का नया इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जिसमें एआई इंटिग्रेशन और ओटीए अपडेट्स की सुविधा मिलेगी।
- आगामी क्रेटा मॉडल में नई अपहोल्स्ट्री, नया डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ, ड्राइवर और पैसेंजर कन्वीनियंस और अडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम की काफी सारी अपडेटेड खूबियां मिलेंगी।

स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ धांसू माइलेज
- आगामी हुंडई क्रेटा मॉडल की सबसे खास बात इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन होगा। जी हां, भारतीय बाजार में अगले साल आ रही थर्ड जेनरेशन क्रेटा में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो कि इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी के साथ पेयर्ड होगा और ये सारे मिलकर बेहतर पावर और टॉर्क जेनरेट करेंगे। फ्यूल एफिसिएंसी के साथ ही ड्राइविंग एक्सपीरियंस के मामले में क्रेटा हाइब्रिड काफी जबरदस्त होगी।
- बाद बाकी क्रेटा लाइनअप में 115 बीएचपी पावर देने वाला 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 160 बीएचपी जेनरेट करने वाले 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ ही 116 बीएचपी जेनरेट करने वाला 1.5 लीटर डीजल इंजन भी मिलेगा।
- थर्ड जेनरेशन हुंडई क्रेटा में मल्टीपल ट्रांसमिशन विकल्प मिलेंगे, जो स्मूद ड्राइविंग सुनिश्चित करेंगे। आने वाले समय में क्रेटा के अपडेटेड मॉडल की सारी मैकेनिकल डिटेल्स सामने आ जाएंगी।