आज का मौसम 4 नवंबर 2026: देश के कई राज्यों में 4 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान मुरासु के कमजोर पड़ने के बावजूद दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 4 नवंबर देश के कुल 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है, इस दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। वहीं गरज-चमक के साथ आंधी चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश और कुछ हिस्सों में नुकसान होने की आशंका जताई है। तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ों की टहनियां टूट सकती हैं। केले, पपीते और सहजन जैसे छोटे पेड़ उखड़ सकते हैं। बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मकानों के भी ढहने की आशंका जताई गई है। जबकि रेल यातायात के साथ हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
किन 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट?IMD के अनुसार, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं गरज-चमक की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में सुबह छाई रहेगी धुंध (4 नवंबर): दिल्ली-एनसीआर में आज 4 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध छा सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 5 नवंबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 6 नवंबर को भी आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में आज सामान्य रहेगा मौसम (4 नवंबर): चक्रवात मुरासु का असर उत्तर प्रदेश में हल्का देखने को मिला। हालांकि इस चक्रवात के कारण फिलहाल मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। वहीं पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में कमी दर्ज की गई है, इस कारण सुबह और शाम ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में सामान्य रहेगा मौसम (4 नवंबर): पश्चिमी चंपारण, पूवी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, भोजपुर, बक्सर, अरवल समेत बिहार कई जिलों में आज मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य में कहीं भी बारिश होने का अलर्ट नहीं जारी किया है। वहीं अगले 3-4 दिनों में राज्य में तापमान में कुछ परिवर्तन नहीं होने वाला है। हालांकि कुछ जगहों पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में बारिश का अलर्ट (4 नवंबर): मौसम विभाग ने झारखंड में चक्रवात मुरासु के प्रभाव के कारण कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ओडिशा में आज कैसा रहेगा मौसम?
ओडिशा में बारिश की संभावना (4-7 नवंबर): ओडिशा में 3 से 4 नवंबर के दौरान काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 5 से 7 नवंबर के दौरान राज्य में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों के आसपास 3 नवंबर की शाम तक तेज हवाओं के साथ खराब मौसम रहने की संभावना जताई गई थी। इसके बाद हवा की गति में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में 4 नवंबर से कहां-कहां होगी बारिश?
- दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'मुरासु' कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 5 से 9 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है।
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा, 9 नवंबर को भी इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 3 से 7 नवंबर के दौरान इन इलाकों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
- केरल और माहे में 4 से 8 नवंबर के बीच काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने की संभावना है। 4 नवंबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 6 से 8 नवंबर के बीच तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 9 नवंबर को भी केरल और माहे में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
- लक्षद्वीप में 4 से 6 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 5 नवंबर को भी तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 7 से 9 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां फिर देखने को मिल सकती हैं।