सूरज मौर्या, अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित सिद्धपीठ खेरेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर मांस के टुकड़े चढ़ाने के आरोप में एक निलंबित शिक्षक को मंदिर के सेवादारों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि 31 अक्टूबर की शाम को उसने शिव प्रतिमा पर मांस के टुकड़े और कोल्ड ड्रिंक की बोतल में लाया गया पेय पदार्थ चढ़ाया था। मंदिर की सफाई के दौरान मांस के टुकड़े मिलने के बाद CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति यह हरकत करता दिखाई दिया था।
CCTV फुटेज में शिवलिंग पर मांस चढ़ाते दिखा था व्यक्तिमंदिर प्रबंधन के मुताबिक, 31 अक्टूबर की शाम को मंदिर परिसर में सफाई के दौरान शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिले थे। इसके बाद मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति शिव प्रतिमा पर मांस के टुकड़े चढ़ाता हुआ दिखाई दिया।
घटना के बाद से मंदिर समिति और सेवादार उस व्यक्ति की तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वही व्यक्ति दोबारा खेरेश्वर मंदिर परिसर में दिखाई दिया। इस बार उसके हाथ में एक बोतल के साथ छोले-भटूरे, समोसे और अन्य खाद्य सामग्री थी। सेवादारों ने उसे पहचान लिया और पकड़ लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई भी की।
आरोपी ने कहा- 'पुतिन ने ऐसा करने को कहा था'आरोपी की पहचान 47 वर्षीय अनवारुद्दीन के रूप में हुई है। वह गणेशपुर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में निलंबित शिक्षक बताया गया है। फिलहाल वह अलीगढ़ के धौर्रा इलाके में रहता है।
मंदिर परिसर में पकड़े जाने के बाद लोगों ने उससे मांस और पेय पदार्थ लेकर मंदिर आने की वजह पूछी। यह भी पूछा गया कि उसे ऐसा करने के लिए किसने कहा था। इस पर आरोपी ने जवाब दिया कि ऐसा करने के लिए उससे पुतिन ने कहा था और भोलेनाथ ने उसे बुलाया था। उसने खुद को बेसिक स्कूल का शिक्षक भी बताया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
मंदिर के संरक्षक ने बताई पूरी घटनाखेरेश्वर मंदिर के संरक्षक पंडित दयानंद भारती ने बताया कि 31 अक्टूबर को मंदिर के सेवादार को सफाई के दौरान शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिले थे। इसके बाद CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति शिवलिंग पर मांस चढ़ाकर जाता दिखाई दिया था।
उन्होंने बताया कि तभी से मंदिर के सेवादार उस व्यक्ति की तलाश कर रहे थे। मंगलवार को उसके दोबारा मंदिर पहुंचने पर उसे पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रहीघटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह मांस कहां से लाया था और शिवलिंग पर उसे चढ़ाने के पीछे उसका क्या मकसद था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.