सुनील साकेत, आगरा: मुहब्बत की नगरी आगरा सिर्फ ताजमहल की खूबसूरती के लिए ही दुनियाभर में मशहूर नहीं है, बल्कि यहां की भारतीय संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली भी विदेशी मेहमानों को आकर्षित कर रही हैं। प्यार की निशानी ताजमहल के शहर में अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए इटली से आए एक विदेशी कपल ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया।
वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रस्मों और भारतीय विवाह संस्कारों के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। इटली के लिगुरिया निवासी मैटियो और कैटरीना ने भारतीय परंपरा के अनुसार सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया आयाम दिया।
पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने कराई शादीविदेशी जोड़े का विवाह पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। शादी के दौरान हिंदू विवाह की अलग-अलग रस्मों और मंत्रों का महत्व भी मैटियो और कैटरीना को समझाया गया। उन्होंने केवल विवाह की परंपराओं का अनुसरण ही नहीं किया, बल्कि हर मंत्र के भाव और उसके पीछे छिपे संस्कारों को जानने में भी दिलचस्पी दिखाई। सात्विक मंत्रों और भारतीय रीति-रिवाजों के बीच दोनों ने पूरे उत्साह के साथ विवाह की रस्में निभाईं। भारतीय विवाह पद्धति में पति-पत्नी के बीच विश्वास, समर्पण, सहयोग और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प को जिस तरह महत्व दिया जाता है, उससे विदेशी मेहमान खासे प्रभावित नजर आए।
भारतीय संस्कृति से भी जुड़ रहे विदेशीताजमहल को देखने के लिए हर साल दुनियाभर से पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। मुहब्बत की इस निशानी को देखने के साथ कुछ विदेशी पर्यटक भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी अपने जीवन के खास पलों का हिस्सा बना रहे हैं। मैटियो और कैटरीना का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह इसी आकर्षण की एक मिसाल है।
ताजमहल की खूबसूरती ही नहीं, संस्कृति के भी हो रहे कायलभारतीय जीवनशैली, वैदिक संस्कार और विवाह की पारंपरिक रस्मों ने उनके लिए इस आयोजन को खास बना दिया। ताजमहल के शहर में शादी करके उन्होंने अपनी जिंदगी के यादगार अध्याय को भारतीय संस्कृति के रंग में रंग दिया। आयोजन बताता है कि आगरा की पहचान सिर्फ ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं, बल्कि यहां की सांस्कृतिक विरासत भी सात समंदर पार तक लोगों को आकर्षित कर रही है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.