सुनील साकेत, आगरा: ताजनगरी आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। ओपीडी के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में करीब आधा दर्जन गार्डों पर मरीज वाजिद के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस दौरान उनकी पांच साल की बेटी की आंख के पास भी चोट आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




बाइक खड़ी करने को लेकर गार्डों से हुआ विवादनाई की मंडी निवासी वाजिद मंगलवार को अपनी पांच साल की बेटी के साथ इलाज कराने एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। वाजिद के मुताबिक, ओपीडी के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर उनकी सुरक्षा गार्डों से कहासुनी हो गई।




आरोप है कि इसके बाद गार्डों ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। विरोध करने पर करीब आधा दर्जन गार्डों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की।




वाजिद का आरोप है कि जब उन्होंने गार्डों की हरकत का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया। इसी दौरान उनकी बेटी की आंख के पास भी चोट लग गई।




वायरल वीडियो में मारपीट और पर्चा कैंसिल करने की धमकीघटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें गार्ड मरीज के साथ मारपीट करते और उसका पर्चा कैंसिल कराने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।




वीडियो सामने आने के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर विवाद फिर चर्चा में आ गया है।




प्राचार्य बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाईएसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अपने संशोधित बयान में कहा, “प्रकरण की जांच की जा रही है, प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”




दो महीने पहले भी गार्डों और सपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई थी झड़पएसएन मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्डों और मरीजों के तीमारदारों के बीच विवाद का यह पहला मामला नहीं है। 23 अगस्त को 10 वर्षीय बच्चे उमेर की मौत के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा गार्डों और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी।




बच्चे की मौत के बाद सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज पहुंचे थे। कार्यकर्ता अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान गार्डों से उनकी नोकझोंक और झड़प हो गई थी। बाद में शब्बीर अब्बास ने प्राचार्य को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था।




गार्डों की संख्या और व्यवहार पर भी उठे थे सवालबच्चे की मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान आरोप लगाया गया था कि मरीजों और तीमारदारों को परेशान करने के लिए बड़ी संख्या में गार्ड तैनात किए गए हैं।




अब वाजिद के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के साथ गार्डों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.