नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने 24 घंटे पहले प्रधानमंत्री को डिबेट के लिए चैलेंज दिया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि वह अपनी पसंद की जगह और मंच चुन लें, दोनों आमने-सामने बैठकर देश के सामने हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा करेंगे। राहुल ने यहां तक कह दिया कि अगर प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को भी इस बहस का जज बना सकते हैं।
'देशद्रोही कौन है, खुलकर डिबेट कीजिए'राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा, '24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ। देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।' उन्होंने बहस के लिए मीडिया और देश के युवाओं की मौजूदगी का भी प्रस्ताव रखा। राहुल ने कहा कि दोनों नेता एक टेबल पर आमने-सामने बैठेंगे और प्रधानमंत्री जिसे चाहें, उसे जज बना सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए मोहन भागवत का नाम भी सुझाया।
US डील, अडानी और एपस्टीन मामले पर चर्चा की चुनौतीराहुल गांधी ने कहा कि इस बहस में वित्तीय व्यवस्था, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर, अमेरिका के साथ हुई डील और अडानी से जुड़े मामले जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि US डील इतनी जल्दी कैसे हुई, इसे लेकर कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई और अडानी का केस बंद क्यों हुआ। राहुल ने एपस्टीन मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए। आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा।'
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.