भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में आयोजित होगा। वनडे सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान मिचेल सैंटनर और शुभमन गिल से कुछ दिलचस्प सवाल पूछे गिए।











मंगलवार को दोनों से यह भी पूछा गया कि वे एक-दूसरे की टीम से किस एक प्लेयर को चुराना चाहेंगे? सैंटनर ने भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा या विराट कोहली का जिक्र नहीं किया बल्कि गिल का नाम लिया। गिल ने जवाब में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मेट हैनरी का नाम लिया।

'शुभमन गिल शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं'

दरअसल, सैंटनर ने रोहित या विराट की जगह गिल का नाम इसलिए लिया क्योंकि वह उनके प्रदर्शन से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि रोहित और कोहली का शीर्ष क्रम में खेलने का अनुभव उन्हें दमदार प्रतिद्वंद्वी बनाता है लेकिन गिल भी शानदार कर रहे हैं। सैंटनर ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ''उनकी भूमिका यह है कि वे शुरू में काफी आक्रामक खेलें और फिर बीच के ओवरों में पारी को संवारे और अंतिम ओवरों में अपनी पूरी ताकत से बल्लेबाजी करें।'' कीवी कप्तान ने कहा, ''रोहित और कोहली लंबे समय से ऐसा करते आ रहे हैं। शुभमन गिल भी पिछले पांच साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।''

किस गेंदबाज का सामना करना नापसंद?

वहीं, न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा मंगलवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में जब पूछा गया कि दोनों को एक-दूसरी की टीम के किस गेंदबाज का सामना करना नापसंद है तो सैंटनर ने अर्शदीप सिंह कहा। गिल ने इसके जवाब में सैंटनर का जिक्र किया। विजयी रन बनाना या फिर आखिरी विकेट चटकाना? इसके जवाब में सैंटनर और गिल ने विजयी रन कहा।

 







 

रोहित और विराट पर एक बार फिर से सभी की निगाहें टिकी रहेंगी लेकिन भारत के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के कारण न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में बेहतर स्थिति में नजर आ रहा है। वनडे सीरीज के बाद होने वाली टेस्ट श्रृंखला को ध्यान में रखकर जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। ऐसे में अनुभवी मोहम्मद सिराज को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी। सिराज के अलावा भारतीय टीम में शामिल अन्य चार विशेषज्ञ गेंदबाजों अर्शदीप सिंह (18), गुरनूर बराड़ (09), अंशुल कंबोज और औकिब नबी (एक-एक) के पास कुल मिलाकर 29 वनडे मैचों का अनुभव है।



Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.