पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने की अपनी कोई योजना नहीं बनाई है. उन्होंने आगामी नीलामी के लिए पंजीकरण न करने का फैसला किया है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, आमिर ने नीलामी पूल में प्रवेश न करने का फैसला किया है.
वह भारत की इस प्रमुख टी20 लीग से दूर रहेंगे, हालांकि वह फ्रैंचाइजी क्रिकेट में मौके तलाशते रहेंगे. दुबई से क्रिकबज को भेजे एक संदेश में आमिर ने अपने फैसले की पुष्टि की. उन्होंने साफ किया कि आईपीएल में खेलना उनकी प्राथमिकता में नहीं है. आमिर की ब्रिटिश नागरिकता के बाद उनके आईपीएल में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं. खासकर तब जब उन्होंने यूके के नागरिक के तौर पर अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) ड्राफ्ट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था.
फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं आमिर
34 साल के को अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के प्लैटिनम कैटेगरी में रखा गया था. मई 2026 में ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद आमिर ने अपने पेशेवर करियर में एक नया अध्याय शुरू किया है. वो टी20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर के नॉट्स आउटलॉज और द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए घरेलू खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके हैं.
पीएसल में विदेशी खिलाड़ी रहेंगे आमिर
आमिर ने ये भी कहा कि वो अगले साल पाकिस्तान सुपर लीग में एक विदेशी खिलाड़ी के तौर पर वापसी करेंगे. उन्होंने पहले संकेत दिया था कि नागरिकता बदलने के बाद वो 2027 सीजन में एक विदेशी खिलाड़ी के तौर पर शामिल होंगे. इस खिलाड़ी ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. बता दें आमिर की ब्रिटिश नागरिकता की तुलना पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर अजहर महमूद से भी की गई थी. महमूद ने ब्रिटिश पासपोर्ट हासिल करने के बाद 2012 और 2015 के बीच किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल में खेला था. हालांकि, आमिर ने फिलहाल आईपीएल के मौके का पीछा न करने का फैसला किया है.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.