मुंबई: मुंबई से कोल्हापुर जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस में रविवार आधी रात को डकैती की घटना सामने आई है। डकैतों ने सिग्नल सिस्टम में गड़बड़ी कर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय ट्रेन में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर लुटेरों ने अपना हाथ साफ किया। जानकारी के अनुसार, जब ट्रेन लोणंद-सालपा के बीच पहुंची। तब डकैतों ने पहले सिग्नल व्यवस्था को प्रभावित किया ( सिनल का एक वायर काटा) और फिर ट्रेन की खिड़की से कुछ महिलाओं के गहने लूट लिए। डकैती एस-1 और एस-3 डिब्बे की खिड़की से हुई। आधी रात को हुई इस घटना से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अब FIR दर्ज हो गया है।



क्या है मामला?




इस घटना में कांजुरमार्ग पूर्व निवासी सुनीता गोरक्षनाथ तुपे (44) और रायगढ़ जिले के खोपोली निवासी सुरेखा बाबासाहेब खाड़े (40) को निशाना बनाया गया। दोनों महिलाएं ट्रेन के आरक्षित एस-1 कोच में सफर कर रही थीं। शिकायत के अनुसार, ट्रेन रुकने के बाद दो अज्ञात व्यक्ति कोच की खिड़कियों के पास पहुंचे और दोनों महिलाओं की सोने की चेन छीनकर भाग गए। बताया गया है कि बदमाश कोच के अंदर नहीं घुसे थे।






मिरज रेलवे पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक सीताराम फांद के अनुसार, चोरी हुए सोने का वजन करीब 1 से 1.5 तोला (11 से 17 ग्राम) होने का अनुमान है। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने एक व्यक्ति के कंधे पर दूसरे व्यक्ति को चढ़कर खिड़की तक पहुंचने और चेन छीनने की वारदात को अंजाम दिया। सिग्नल के तार काटकर ट्रेन रुकवाने की बात भी जांच का हिस्सा है।



यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी




दरअसल मुंबई से कोल्हापुर के बीच चलने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में ट्रेन में इस तरह की वारदात होना यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है। हालांकि, घटना में कितने यात्रियों को निशाना बनाया गया, कितनी संपत्ति लूटी गई और सिग्नल सिस्टम में किस तरह गड़बड़ी की गई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मामले में आधिकारिक जानकारी और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.