बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। साहेबपुर कमाल थाने में पोस्टेड सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) चंदन झा को पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने 29 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ये गिरफ्तारी प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित एक फोटोस्टेट दुकान से हुई। आरोपी दारोगा शराब तस्करी के एक मामले में पुलिस केस से नाम हटाने के लिए अवैध राशि की मांग कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कार बेचने के बाद भी शराब मामले में फंसायापीड़ित अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी कार 13 अगस्त 2026 को स्टांप पेपर पर बेच दी थी, लेकिन ऑन-पेपर ट्रांसफर नहीं हुआ था। 16 अक्टूबर 2026 को वही कार शराब के साथ पकड़ी गई। आरोप है कि एएसआई चंदन झा ने शराब तस्कर से 90 हजार घूस लेकर अमित कुमार का नाम केस में डाल दिया और अब अमित कुमार का नाम हटाने के लिए 50 हजार रुपये घूस की मांग करने लगा।
दरअसल, साहेबपुर कमाल गांव के वार्ड संख्या-8 निवासी स्वर्गीय विशेश्वर यादव के बेटे अमित कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि शराब मामले में जब्त कार मालिक का नाम पुलिस केस से हटाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बाद में 29000 में नाम हटाने की बात तय हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पटना निगरानी विभाग ने 30 अक्टूबर को पहले इस मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद सोमवार को पटना से पहुंची निगरानी टीम ने पूरी रणनीति के साथ जाल बिछाया। जैसे ही एएसआई चंदन झा साहेबपुर कमाल प्रखंड के फोटो स्टेट दुकान पर अमित कुमार से 29 हजार रुपये घूस के रूप में लिया। वैसे ही, पटना निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
29 हजार में एएसआई ने की थी डील पक्कीपुराने कार मालिक का नाम हटाने के लिए आखिरकार 29 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। पीड़ित अमित कुमार ने रिश्वत देने के बजाय पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करा दी।
- 30 अक्टूबर को सत्यापन: शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जांच कराई, जिसमें घूस मांगने का आरोप सही पाया गया।
- निगरानी टीम ने जाल बिछाया: आरोपों की पुष्टि के बाद पटना से आई निगरानी टीम ने साहेबपुर कमाल में रणनीति के तहत जाल बिछाया।
- रंगे हाथ गिरफ्तारी: फोटोस्टेट दुकान पर जैसे ही एएसआई ने 29 हजार रुपये लिए, टीम ने उन्हें पकड़ लिया और जेब से नोट बरामद कर नंबरों का मिलान किया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पटना ले गई निगरानी टीमगिरफ्तारी के तुरंत बाद निगरानी की टीम आरोपी दरोगा को बेगूसराय परिसदन लेकर पहुंची, जहां कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। आवश्यक प्रक्रिया के बाद आरोपी एएसआई को आगे की कार्रवाई के लिए पटना लेकर चली गई। निगरानी विभाग के डीएसपी गौतम शरण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवादी अमित कुमार की शिकायत का सत्यापन कराने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी एएसआई चंदन झा के पास से घूस के रूप में लिए गए पूरे 29 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।