जबलपुर: खमरिया थाना क्षेत्र में डुमना एयरपोर्ट मार्ग स्थित पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी अभिकल्पन एवं विनिर्माण संस्थान (IIITDM) के हॉस्टल में एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। तेलंगाना निवासी 21 वर्षीय वैष्णवी का शव हॉस्टल के कमरे में फांसी पर लटका मिला। फिलहाल उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खमरिया थाना प्रभारी राज कुमार खटीक के अनुसार, वैष्णवी संस्थान में कंप्यूटर साइंस की तृतीय वर्ष की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज प्रशासन ने दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
रैगिंग और व्यक्तिगत परेशानी समेत सभी पहलुओं की जांचपुलिस छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है। हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं और उसके साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों से पूछताछ की जा रही है। कॉलेज प्रबंधन से भी वैष्णवी की पढ़ाई और संस्थान में उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वैष्णवी पढ़ाई में अच्छी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं छात्रा को रैगिंग या किसी अन्य तरह की परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ रहा था। इसके अलावा व्यक्तिगत कारणों से तनाव की आशंका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.