कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खरसोता गांव के 65 वर्षीय पुजारी हीरालाल मंडल का शव सोमवार को गांव के ही श्मशान घाट में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। पुजारी रविवार को भजन-कीर्तन के लिए निकले थे, जिसके बाद से वे लापता थे। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने पहले चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, आंखों में उंगली डाली और जीभ काटकर बेहद दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
भजन-कीर्तन के लिए निकले थे पुजारीमृतक हीरालाल मंडल गांव के ही मंदिर में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन कर अपना जीवन-यापन करते थे। उनकी पत्नी तिलो देवी ने बताया कि वो रविवार को रोजाना की तरह लोहा पुल के पास स्थित मंदिर में कीर्तन के लिए गए थे। जब देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह श्मशान घाट में उनका शव लटकता मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दामाद ने लगाए रूह कंपा देने वाले आरोपघटना के बाद मृतक के दामाद शिव मंडल ने पुलिस और मीडिया के सामने बदमाशों की हैवानियत का खुलासा किया।
- सिर पर प्रहार: सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रतीत होता है कि भारी वस्तु या हथियार से वार किया गया।
- आंखों को पहुंचा नुकसान: बदमाशों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पुजारी की आंखों में उंगलियां डाल दीं।
- चाकू से जीभ को काटा: शरीर को चाकू से गोदा गया और जीभ भी काट दी गई। परिजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्यवारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने श्मशान घाट और आसपास के इलाके से फिंगरप्रिंट, खून के नमूनों सहित कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का मानना है कि साक्ष्यों की जांच से हत्यारों तक पहुंचने में बड़ी मदद मिलेगी और मामले का जल्द खुलासा हो सकेगा।
डीएसपी का दावा, जल्द होगी गिरफ्तारीमामले की गंभीरता को देखते हुए बारसोई के डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह साफ तौर पर हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इनपुट- असदुर रहमान