बॉलीवुड एक्‍ट्रेस नोरा फतेही को ₹200 करोड़ की जबरन वसूली मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस केस में नोरा को सोमवार को हाजिर होने के लिए समन भेजा गया था। लेकिन वह कोर्ट नहीं पहुंचीं। दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि नोरा फतेही को समन भेजा गया था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि वह आ रही हैं या नहीं। उनके वकील ने कोर्ट में हाजीरी से छूट के लिए अर्जी लगाई है। इस पर कोर्ट ने नोरा के वकील को फटकार लगाते हुए कहा, 'वह एक गवाह हैं और उन्हें यहां मौजूद होना चाहिए था। उनका बर्ताव ठीक नहीं है, कोर्ट को हल्के में न लें।'




सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े ₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इससे पहले ED ने नोरा फतेही से पूछताछ की थी। यह मामला 2021 की शुरुआत का है। 34 साल की एक्‍ट्रेस को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गवाह के तौर पर सोमवार, 02 नवंबर को पेश होना था। अब कोर्ट ने नोरा के बर्ताव को अनुचित बताते हुए उनकी आलोचना की है। कोर्ट ने नोरा फतेही के वकील से यह भी कहा कि वह उनसे कहें कि 'कोर्ट को बेवकूफ बनाने की कोशिश न करें।'




नोरा फतेही को नया समन जारी, अब 6 नवंबर को पेश होने को कहानाराज अदालत ने फटकार लगाने के बाद नोरा फतेही को नया समन जारी किया है। अब उन्‍हें शुक्रवार 06 नवंबर को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है।




नोरा ने ED से कहा- सुकेश की पत्‍नी ने पार्टी में परफॉर्म करने बुलाया थाइससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ के दौरान नोरा फतेही ने बताया था कि सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी ने उन्हें एक पार्टी में बुलाया था। यह मुलाकात सिर्फ पार्टी में परफॉर्मेंस देने की थी। उन्हें वहां फीस के तौर पर कैश की जगह महंगे तोहफे दिए गए थे। नोरा के इस दावे के बाद, जांचकर्ताओं ने उन महंगे तोहफों की पड़ताल की, जिनमें एक BMW कार और गुच्ची (Gucci) हैंडबैग जैसी चीजें शामिल थीं।




सुकेश की चिट्ठी में दावा- नोरा को मोरक्‍को में घर खरीदने के लिए दिए करोड़ोंनोरा फतेही ने यह भी दावा किया कि सुकेश से उनका कोई लेना-देना नहीं था और वह इस ठग के गिरोह का शिकार बनी थीं। एक्‍ट्रेस के मुताबिक, जब उन्हें एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है, तो उन्होंने सुकेश से अपने सारे संपर्क तोड़ लिए थे। हालांकि, इस मामले तब एक नया मोड़ आया, जब सुकेश ने एक चिट्ठी में दावा किया कि उसने नोरा फतेही को मोरक्को के कैसाब्लांका में घर खरीदने में मदद करने के लिए करोड़ों रुपये दिए थे।




सुकेश चंद्रशेखर ने नोरा से कहा- घट‍िया ड्रामा बंद करोसुकेश चंद्रशेखर ने जेल से लिखी अपनी चिट्ठी में नोरा से कहा कि वह खुद को पीड़ित बताकर 'घटिया ड्रामा' बंद करे। साथ ही धमकी दी कि वह उस समय की उनकी बातचीत को सार्वजनिक कर देगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि नोरा फतेही असल में जैकलीन फर्नांडिस के साथ उसके रिश्तों से जलती थी। दिन में कई बार उसे फोन करके जैकलीन के साथ अपना रिश्ता खत्म करने की 'मिन्नतें' करती थी।




सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्‍ड्र‍िंग और ₹200 करोड़ की वसूली मामला क्‍या है?सुकेश चंद्रशेखर का ₹200 करोड़ की जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामला दिल्ली की रोहिणी जेल से चलाए गए एक हाई-प्रोफाइल रैकेट और काले धन को सफेद करने से जुड़ा है। इस मामले के मुख्य आरोपी कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल हैं। सुकेश पर आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मलविंदर सिंह की पत्नियों से लगभग 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की थी। सुकेश ने 2020-21 के दौरान जेल में बंद रहते हुए फोन पर खुद को भारत सरकार का बड़ा अधिकारी बताया।




सुकेश चंद्रशेखर केस से नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडिस का कनेक्‍शनED का आरोप है कि सुकेश ने अवैध रूप से हासिल किए गए पैसों का इस्तेमाल अपने करीबी लोगों के लिए लग्जरी ग‍िफ्टस, कारें और अन्य महंगी चीजें खरीदने में किया था। इनमें जैकलीन फर्नांडिस और नोरा फतेही भी शामिल हैं। ED ने जैकलीन को इस मामले में सह-आरोपी बनाया है। आरोप है कि वह सुकेश के लगातार संपर्क में थीं और उन्होंने सुकेश द्वारा ठगे गए पैसों से मिले महंगे तोहफों का इस्तेमाल किया। जून 2026 में दिल्ली की अदालत ने सुकेश और जैकलीन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत आरोप तय किए हैं। दूसरी ओर, नोरा फतेही इस मामले में एक सरकारी गवाह हैं।




दिल्‍ली पुलिस ने मकोका के तहत दर्ज किया है केसदिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले में मकोका (MCOCA - महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत चार्जशीट दाखिल की है, क्योंकि इसे एक संगठित अपराध गिरोह माना गया है। अप्रैल 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने सुकेश चंद्रशेखर को इस विशिष्ट ₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लंबी कैद (बिना दोषसिद्धि के 7-9 साल जेल में रहने) और त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत दे दी थी। हालांकि, मकोका और कई अन्य धोखाधड़ी के गंभीर मामलों के कारण वह अभी भी जेल में ही बंद है।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.