गाजियाबाद: रामपुर जेल से वरिष्‍ठ सपा नेता आजम खान को निकले 20 मिनट भी नहीं हुए थे कि ईडी की टीम ने उनको शनिवार शाम अरेस्‍ट कर लिया। ईडी की टीम सीधे उनको दिल्‍ली लेकर गई। रविवार सुबह गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट में आजम खान को पेश किया गया। इस मौके पर पैरा मिलिट्री और पुलिस के 100 जवानों ने सुरक्षा व्‍यवस्‍था संभाले रखा।




दरअसल, आजम खान के ऊपर मनी लॉन्ड्रिंग का केस भी चल रहा है। दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खान और बेटे अब्‍दुल्‍ला आजम की रिहाई का रास्‍ता साफ हो गया था। शनिवार शाम दोनों पिता और पुत्र करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर निकले थे पर इस बीच ईडी अफसरों की टीम वहां धमक पड़ी।



दिल्‍ली ऑफिस में आजम से लंबी पूछताछ




आजम खान से दिल्‍ली ऑफिस में ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी पैसे के गलत इस्‍तेमाल को लेकर घंटों पूछताछ की। आजम खान से कुल 50 सवाल किए गए। इसके बाद रविवार सुबह उनको गाजियाबाद के विशेष कोर्ट में पेश किया गया।



करीब 426.46 करोड़ की संपति अटैच




ईडी के मुताबिक, इस मामले की जांच रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर शुरू हुई। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सरकारी ठेकों से जुड़े धन और निर्माण सामग्री का इस्‍तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी में किया गया। गत 28 अक्‍टूबर को ईडी ने यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों की करीब 426.46 करोड़ की संपति अस्‍थाई रूप से अटैच की है।



आजम खान के वकील बोले- यह सरकार का तानाशाही पूर्ण रवैया




वहीं, आजम खान के वकील नासिर सुल्‍तान का कहना है कि जिस तरह से सपा नेता को जेल से निकलते ही उठाया गया और कहां लेकर जा रहे हैं कुछ नहीं बताया गया। इस तरह किसी को जेल से हिरासत में लेना हमने आज तक नहीं देखा। यह सरकार का तानाशाही पूर्ण रवैया है। आजम खान को जहां ईडी की टीम दिल्‍ली ले गई वहीं अब्‍दुल्‍ला आजम घर चले गए।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.