वीएन दास, अयोध्या: दीपोत्सव पर इस बार साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली शोभायात्रा में 21 भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इनके जरिए योगी सरकार की उपलब्धियों और रामायण के सातों कांडों का चित्रण किया जाएगा। झांकियों के निर्माण का काम साकेत महाविद्यालय परिसर में शुरू हो चुका है।




सूचना विभाग की ओर से सरकार की उपलब्धियों पर आधारित 14 झांकियां निकाली जाएंगी, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग रामायण के सातों कांडों पर झांकियां तैयार करा रहा है। इनमें बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किंधाकांड, सुंदरकांड, लंकाकांड और उत्तरकांड हैं।




दिखेगी ओडीओपी से मिशन शक्ति तक की झलकजिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि सूचना विभाग की झांकियों में जल जीवन मिशन, ओडीओपी, कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, , बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की उपलब्धियां दिखाई जाएंगी।




अयोध्या की 16 टीमें रामलीला शोभायात्रा में लेंगी हिस्साअंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सीईओ आशुतोष द्विवेदी के मुताबिक, दीपोत्सव में 14 प्रदेशों के साथ उत्तर प्रदेश की 11 टीमें लोक संस्कृति के रंग बिखेरेंगी। हरियाणा का फाग, केरल का कथककली, राजस्थान का झूमर, पंजाब का भांगड़ा, ओडिशा का संबलपुरी, गाजीपुर का डिबिया नृत्य तथा पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की लोक कलाएं आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे। लगभग 650 से अधिक कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार अयोध्या की 16 टीमों की रामलीला भी शोभायात्रा के रूप में निकलेगी।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.