विभु मिश्रा, गाजियाबाद : जिले के नाइट क्लब, बार और रेस्टोरेंट में शराब परोसने से जुड़े नियमों की अनदेखी के मामले में शासन ने आबकारी विभाग पर बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार समेत तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। अधिकारियों पर बिना लाइसेंस के शराब परोसे जाने और दूसरे राज्यों के लिए निर्धारित शराब की गाजियाबाद में बिक्री को रोकने में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। यह कार्रवाई आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल के निर्देश पर की गई है।
गाजियाबाद के विभिन्न नाइट क्लब, बार और रेस्टोरेंट को लेकर मिली शिकायतों के बाद अपर जिलाधिकारी नगर की अध्यक्षता में संयुक्त प्रशासनिक टीम गठित की गई थी। टीम में नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर को शामिल किया गया। अधिकारियों ने 24 अक्टूबर को इंदिरापुरम, कौशांबी समेत कई इलाकों में पांच बार और रेस्टोरेंट की औचक जांच की। निरीक्षण के दौरान बिना आकस्मिक बार लाइसेंस शराब परोसने और दूसरे राज्यों में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की यहां बिक्री किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
नाइट क्लब में गुप्त रास्ते से प्रवेशजांच के दौरान एक क्लब में गंभीर स्थिति सामने आई। टीम के पहुंचने पर बाहर से क्लब पर ताला लगा था, जबकि लोगों को गुप्त दरवाजे से अंदर प्रवेश कराया जा रहा था। मौके पर शराब परोसने का वैध लाइसेंस नहीं मिला। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित प्रतिष्ठान कभी-कभार एक दिन के लिए ओकेजनल बार लाइसेंस लेता था, लेकिन इसके बाद नियमित रूप से बिना लाइसेंस शराब परोसे जाने के आरोप सामने आए। एक स्थान पर हरियाणा की शराब भी मिलने की बात सामने आई। मामले में आबकारी विभाग की ओर से संबंधित महिला के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला आबकारी अधिकारी और दो निरीक्षक सस्पेंडशासन ने जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के साथ सेक्टर-2 के आबकारी निरीक्षक अखिलेश सिंह और सेक्टर-5 के आबकारी निरीक्षक चमन सिंह को भी निलंबित कर दिया है। अधिकारियों पर अपने क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाने और विभागीय जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। शासन ने प्रथम दृष्टया संजय कुमार को उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन का जिम्मेदार माना है। उनके खिलाफ अनुशासनिक और विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मेरठ के आबकारी अधिकारी करेंगे जांचनिलंबन अवधि में जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार को आबकारी आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज में अटैच किया गया है। मामले की विभागीय जांच मेरठ के उप आबकारी आयुक्त को सौंपी गई है। जांच में क्लबों और बार में शराब परोसने के लाइसेंस, दूसरे राज्यों की शराब की बिक्री और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल होगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.