विभु मिश्रा, गाजियाबाद: लोनी में एक हजार छात्राओं को साइकिल बांटने के लिए आयोजित कार्यक्रम पर पुलिस-प्रशासन की रोक और कार्यक्रम स्थल से टेंट-पंडाल हटाए जाने के बावजूद सपा नेता अनुज प्रधान ने अपना अभियान नहीं रोका। सामूहिक कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को साइकिल बांटने की उनकी योजना भले ही पूरी नहीं हो सकी, लेकिन अब उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर छात्राओं को साइकिलें देना शुरू कर दिया है। अनुज प्रधान उन छात्राओं तक खुद पहुंच रहे हैं, जिन्हें स्कूल जाने के लिए रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। उनका कहना है कि छात्राओं से किया वादा हर हाल में पूरा होगा और कोई भी ताकत उन्हें ऐसा करने से नहीं रोक सकती।
25 अक्टूबर को होना था कार्यक्रमदरअसल, लोनी विधानसभा क्षेत्र के गढ़ी कट्टैया गांव में 25 अक्टूबर को साइकिल कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसके तहत गरीब और जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए साइकिलें वितरित की जानी थीं। अनुज प्रधान ने लोनी क्षेत्र के 55 नगर पालिका वार्डों और ग्राम पंचायतों से छात्राओं के दस्तावेज जुटाकर एक हजार छात्राओं की सूची तैयार कराई थी। हालांकि, प्रशासन ने विधिवत अनुमति नहीं होने का हवाला देकर कार्यक्रम पर रोक लगा दी। लोनी पुलिस ने अनुज प्रधान को हिरासत में लिया, जबकि लोनी नगर पालिका परिषद की कार्रवाई के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया टेंट और पंडाल जेसीबी से हटवा दिया गया। करीब चार घंटे बाद उन्हें रिहा किया गया।
पैदल चल कर छात्राओं तक पहुंचा रहे साइकिलरिहाई के बाद अनुज प्रधान ने ऐलान किया था कि प्रशासनिक कार्रवाई और विरोध के बावजूद वह छात्राओं को साइकिल वितरित करके रहेंगे। अब उन्होंने अपने इसी ऐलान को अमल में लाना शुरू कर दिया है। सामूहिक कार्यक्रम के बजाय वह गांव-गांव जाकर सूची में शामिल छात्राओं को साइकिलें सौंप रहे हैं। उनका कहना है कि छात्राओं को स्कूल जाने के लिए तीन-तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। उनकी इस परेशानी को दूर करने का वादा उन्होंने किया था और अब उसी वादे को पूरा कर रहे हैं।
गांव-गांव पहुंच रहे अनुज प्रधानसपा नेता अनुज प्रधान का आरोप है कि इस कार्यक्रम के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। गांव-गांव और घर-घर जाकर जरूरतमंद छात्राओं की पहचान की, उनके दस्तावेज जुटाए और वितरण से पहले एक हजार साइकिलों की व्यवस्था भी कर ली थी, लेकिन उनके इस जनहित के कार्य से घबराए सत्तारूढ़ दल के विधायक और अन्य राजनीतिक विरोधियों ने प्रशासन के साथ मिलकर कार्यक्रम को बर्बाद करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कार्रवाई करके उनके अभियान को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन छात्राओं से किया गया वादा वह अधूरा नहीं छोड़ेंगे। अब गांव-गांव जाकर साइकिल वितरण उसी संकल्प को पूरा करने की उनकी कोशिश है।
साइकिल पाकर खिले चेहरेदूसरी तरफ साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे भी खिले हुए हैं। उनका कहना है कि अनुज भैया ने उनसे किया वादा पूरा किया है। हालांकि, उन्हें इसके लिए बहुत परेशानियां और नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन उन्होंने सब कठिनाइयों को पीछे छोड़ते हुए आज उनके गांव में आकर उन्हें साइकिल गिफ्ट की है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.