पूर्णिया: सदर थाना क्षेत्र के कप्तान पुल पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा व्यवसायी बबलू उर्फ विनय विश्वास की मौत हो गई। उनकी फॉर्च्यूनर कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे सौरा नदी में जा गिरी। घंटों की मशक्कत और क्रेन की मदद से गाड़ी को नदी से बाहर निकाला गया। कार के अंदर बबलू विश्वास का शव फंसा हुआ था। बाहर निकालने के बाद उन्हें तत्काल एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्रेन से निकाली गई फॉर्च्यूनर, कार में फंसा था शवहादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। नदी में गिरी फॉर्च्यूनर कार को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान डगरूआ के कुचैली निवासी बबलू उर्फ विनय विश्वास के रूप में हुई है। हादसे के समय कार में केवल वही सवार थे। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR11AB 9009 बताया गया है।
जीएमसीएच पहुंचे पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, बताया मिलनसार व्यक्तिघटना की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ जीएमसीएच पहुंचे। उन्होंने बताया कि बबलू विश्वास उनके ग्रामीण और रिश्तेदार थे। उनका वेयरहाउस, गाड़ी का शोरूम समेत कई व्यवसाय थे। वे काफी मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से पूरे परिवार में गहरा दुख है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिसइस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि फॉर्च्यूनर कार नदी में गिरने के कारण बबलू उर्फ विनय विश्वास की मौत हुई है। गाड़ी में एक ही व्यक्ति सवार थे। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
हादसे से कुछ समय पहले ही विनय विश्वास ने करवा चौथ की शाम पत्नी के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। तस्वीर के साथ 'कभी गम न देना खुशी देने वाले...' गीत लगाया गया था। अब वही तस्वीर उनके परिवार और करीबियों के लिए एक भावुक याद बन गई है। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।