लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) पर मतदाताओं के पंजीकरण में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यूपी में बीजेपी के कार्यकर्ता एसडीएम के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी के वोटरों के नाम काट रहे हैं और बीजेपी के वोटरों के नाम जोड़ रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि वह दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।





यूपी में चल रही SSR की प्रक्रियाउत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में संभावित विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट का स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) किया जा रहा है। इसके तहत नए वोटरों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है और मतदाता सूची में सुधार भी किया जा रहा है। यह प्रक्रिया राज्य के सभी स्थानों पर चल रही है। रामगोपाल यादव ने बीजेपी पर अधिकारियों से मिलीभगत करके इस प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।





अधिकारियों से मिलीभगत करने का आरोपसपा नेता रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि, 'उत्तर प्रदेश में अब वे अधिकारी ही एसडीएम पोस्ट किए जा रहे हैं जो अपना आईडी पासवर्ड बीजेपी द्वारा डिप्यूटेड किसी कार्यकर्ता को दे देते हैं। ये बीजेपी का कार्यकर्ता वीआरसी (वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर ऑपरेटर) के साथ बैठकर सपा के वोटों को काटने और बीजेपी के वोटों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। क्योंकि ओटीपी उसी आईडी पासवर्ड पर आता है जो बीजेपी के किसी व्यक्ति के पास है। वही ओके कर देता है। इस साजिश के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 हजार सपा समर्थकों के वोट काटने का लक्ष्य रखा गया है। निर्वाचन आयोग इसका संज्ञान लेकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करे।'





12 नवंबर को आएगा वोटर लिस्ट का मसौदाचुनाव आयोग (ECI) उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण (Special summary revision) कर रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।




उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिनवा द्वारा एसएसआर के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक पोलिंग बूथों का युक्तिकरण और पुनर्गठन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। वोटर लिस्ट का मसौदा 12 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। वोटर लिस्ट में नामों को जोड़ने, हटाने या उनमें सुधार करने के लिए दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज की जाएंगी। इन दावों और आपत्तियों की जांच होगी और इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.