भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में गुरुवार (29 अक्टूबर, 2026) को पार्टी की महामंत्रियों की बैठक होने वाली है. यह अहम बैठक नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी. इस बैठक में विपक्षी इंडिया ब्लॉक की तरफ से SIR और चुनाव आयोग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों और मौजूदा हालात को लेकर चर्चा होगी.
इसके अलावा, बैठक में देश के पांच राज्यों – उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा – के चुनावी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी रणनीति बनेगी.
नितिन नबीन ने दिल्ली में निकाली पदयात्रा
वहीं, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार (28 अक्टूबर) को दिल्ली के चांदनी चौक में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकाता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा की. SIR और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और विपक्षी इंडिया ब्लॉक की तरफ से चलाए जा रहे आक्रामक अभियान के जवाब में BJP ने भी अपनी रणनीति तेज कर दी है. इसी अभियान के तहत BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने मार्च निकाला और इस अभियान की व्यक्तिगत रूप से कमान नितिन नबीन ने संभाली है.
भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बार है जब नितिन नबीन ने सड़क पर उतरकर मार्च की कमान संभाली है. यह विपक्ष के खिलाफ BJP का यह अभियान 22 अक्टूबर से शुरू हुआ है और अगले महीने तक 5 नवंबर तक देशभर में चलाया जाएगा.
लोकतंत्र सुरक्षित हाथों में है, जनता का भरोसा PM मोदी के साथ- नबीन
चांदनी चौक में BJP के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान संबोधन देते हुए नितिन नबीन ने कहा, ‘इस देश में अराजकता का कोई स्थान नहीं हो सकता है. हम विकास के लिए आगे बढ़ रहे हैं, हम देश की विरासत को आगे बढ़ाएंगे. मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे, 2029 में वे इसी लाल किले की प्राचीर पर फिर नजर आएंगे.’
उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र सुरक्षित हाथों में है. जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है, क्योंकि जनता को मालूम है कि देश की मिट्टी का लाल, इस देश का पुत्र, मोदी जी का परिवार 140 करोड़ जनता है. पीएम मोदी 140 करोड़ देशवासियों के सुख-दुख के साथी हैं. वहीं, लोकतंत्र की दुहाई देने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, जो संविधान की प्रति लेकर चल रहे हैं, असल में उन्हें संविधान से कोई मतलब नहीं है. राहुल गांधी और उनका परिवार जो कहता है, पूरी कांग्रेस वही मान लेती है और यही वजह है कि कांग्रेस आज रसातल में जा रही है. राहुल बाबा की बात मानते रहिए, कांग्रेस समाप्त हो जाएगी.’
यह भी पढ़ेंः इंडिया गठबंधन की 1 नवंबर की रैली को CJP सपोर्ट करेगी या नहीं? अभिजीत दीपके ने कर दिया ऐलान
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.