खरगोन: जिले की महेश्वर तहसील के करही में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार रात एक पटवारी को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी पटवारी सुनील पटेल पर वाटर प्लांट खोलने के लिए खरीदी गई कृषि भूमि के बटांकन और नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त पुलिस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहनया टप्पा, तहसील करही निवासी कपिल राठौर ने इंदौर स्थित लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने वाटर प्लांट स्थापित करने के लिए अपने परिवार की कृषि भूमि खरीदी थी। इस भूमि के बटांकन और नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में हलका नंबर 54, टप्पा करही में पदस्थ पटवारी सुनील पटेल उससे 4,000 रुपये की मांग कर रहा था।
रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप कियाशिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार, 28 अक्टूबर को ट्रैप दल गठित कर कार्रवाई की गई। लोकायुक्त की टीम ने करही में टप्पा कार्यालय से करीब 100 मीटर दूर नेहरू मार्केट स्थित विपुल टायर के पास सड़क किनारे शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 4,000 रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को पकड़ लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, चंद्रमोहन बिष्ट, शैलेन्द्र सिंह बघेल, आशीष नायडू और रामेश्वर निगवाल शामिल रहे।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.