विभु मिश्रा, गाजियाबाद: लोनी स्थित गढ़ी कट्टैया गांव में साइकिल वितरण कार्यक्रम रद्द होने से छात्राओं को निराश होकर लौटना पड़ा। इसके बाद सपा नेता अनुज प्रधान का तीखा बयान सामने आया है। 10.80 लाख रुपये के कथित नोटिस के बीच सपा नेता ने अब छात्राओं को घर-घर जाकर साइकिलें देने का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि गढ़ी कट्टैया गांव में अनुज प्रधान ने 25 अक्टूबर को गरीब और जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए 1000 साइकिलें वितरित करने की घोषणा की थी। आयोजन के लिए साइकिलें भी आ गई थीं और तैयारी भी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम से ठीक पहले 24 अक्टूबर की रात को ही पुलिस-प्रशासन ने अनुमति न होने का हवाला देकर इस पर रोक लगा दी।
सैकड़ों छात्राएं निराश लौटीं
आयोजक अनुज प्रधान को हिरासत में लेकर आयोजन स्थल पर की जा रही तैयारियों को बुलडोजर से उखाड़ दिया था। इस प्रशासनिक रोक के कारण साइकिल की उम्मीद में आयोजन स्थल पर पहुंची सैकड़ों छात्राओं को भारी निराशा का सामना करना पड़ा और उन्हें खाली हाथ अपने घर लौटना पड़ा।
घर-घर जाकर साइकिल बांटने का ऐलान
कार्यक्रम रद्द होने से भड़के सपा नेता अनुज प्रधान ने कहा कि लोनी की धरती पर एक ऐसा 'रावण' बैठा हुआ है जो यह नहीं देखना चाहता कि गरीबों की बेटियों की भलाई हो। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि तेरी मां ने दूध पिलाया है तो बिना पुलिस के आ जाता, फिर देख लेते हम। अनुज प्रधान ने साफ किया कि प्रशासन की कार्रवाई से वे रुकेंगे नहीं और अब छात्राओं के घर-घर जाकर उन्हें साइकिलें वितरित करेंगे।
10.80 लाख का नोटिस थमाने का दावा
इसी बीच, अनुज प्रधान के मुताबिक प्रशासन की ओर से उन्हें 10.80 लाख रुपये का नोटिस भी थमाया गया है। हालांकि, प्रशासन द्वारा जारी किए गए इस कथित नोटिस की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासनिक सख्ती और सपा नेता के इस आक्रामक रुख के बाद लोनी क्षेत्र में राजनीतिक तनाव और सियासी हलचल काफी बढ़ गई है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.