मनीष सिंह, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके से एक ऐसा मामला आया है जिसे जानकर आप भी चकरा जाएंगे। अरिहंत आर्डेन में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके परिवार का मोबाइल नंबर और घर का पता इस्तेमाल करके कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना अनुमति ऑर्डर किए जा रहे हैं। कई बार तो उनके दरवाजे पर एक साथ 20 डिलिवरी बॉय आकर खड़े हो जाते हैं। ऑर्डर लेने से मना करने पर कई उनके साथ बहस भी करने लगते हैं। पीड़ित पूजा सिन्हा ने बिसरख थाने के एसएचओ को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अपनी शिकायत में पूजा सिन्हा ने कहा कि कुछ अज्ञात लोग उनके परिवार की जानकारी या अनुमति के बिना ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं और पेमेंट करने की कोशिश भी कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह समस्या पिछले लगभग दो महीनों से चल रही है, जिससे उन्हें लगातार कॉल, डिलिवरी अलर्ट मिल रहे हैं और डिलिवरी कर्मी बार-बार घर पहुंच रहे हैं।
Amazon Pay बैलेंस से कट गया पैसा
शिकायत में कई ई-कॉमर्स, फूड डिलीवरी, मोबिलिटी और अन्य सेवा प्लेटफॉर्मों का जिक्र किया गया है। पूजा ने पुलिस से बुकिंग रिकॉर्ड, पेमेंट डिटेल्स, डिलीवरी की जानकारी और टेक्निकल डेटा जांचने को कहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये ऑर्डर किस तरह किए गए और इसमें शामिल लोग कौन हैं। शिकायत में उल्लेखित एक प्रमुख मामला Amazon के ऑर्डर से जुड़ा है। पूजा सिन्हा का आरोप है कि यह ऑर्डर उनकी सहमति के बिना किया गया और इसकी रकम उनके Amazon Pay बैलेंस से काटी गई।
महिला के अनुसार, उन्होंने न तो यह ऑर्डर दिया था और न ही पेमेंट को स्वीकृति दी थी। उन्होंने Amazon कस्टमर केयर से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में जांच एजेंसियों से यह पता लगाने को कहा गया है कि ऑर्डर किसने किया, किस अकाउंट या डिवाइस का इस्तेमाल हुआ और पेमेंट किस तरह पूरा किया गया।
इन ऐप्स से की जाती है बुकिंग
पूजा ने एक अनजान व्यक्ति द्वारा सवारी ऐप के जरिए UPI पेमेंट करने की कोशिश का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, यह पेमेंट असफल रहा और इससे कोई लेन-देन पूरा नहीं हुआ। लिखित शिकायत में कई प्लेटफॉर्मों के नाम दिए गए हैं, जिन पर सिन्हा का आरोप है कि बिना अनुमति ऑर्डर या बुकिंग से जुड़ी गतिविधियां हुईं। इनमें Amazon, Flipkart, Blinkit, Ozi, Myntra, Little Joy, FirstCry, Meesho, Nykaa, Zomato, Barbeque Nation, Zoomcar, Uber, Ola, Rapido और Savaari शामिल हैं।
पटना जाने पर भी आए नोटिफिकेशन
शिकायत में 8 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 की अवधि का जिक्र किया गया है, जब पूजा सिन्हा अपने परिवार के साथ नोएडा से पटना गई थीं। उनके अनुसार, इस दौरान पटना स्थित उनके घर पर कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ऑर्डर और डिलीवरी से जुड़े नोटिफिकेशन आने लगे, जबकि परिवार ने ऐसा कोई ऑर्डर नहीं किया था।
पति का चल रहा डायलिसिस
पूजा का कहना है कि उनके पति का डायलिसिस चल रहा है। बार-बार आने वाले कॉल, डिलिवरी से जुड़े विवाद ने परिवार की कठिनाइयों को और बढ़ा दिया है। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से मामले को गंभीरता से देखने, दोषियों की पहचान करने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
ढाई महीने से जारी है ये समस्या
पूजा सिन्हा का आरोप है कि कई बार उनके अपार्टमेंट के दरवाजे के बाहर लगभग 20 डिलिवरी कर्मी एक साथ पहुंच जाते हैं और ऐसे ऑर्डर लेकर आते हैं, जिन्हें उन्होंने या उनके परिवार ने कभी नहीं किया था। उनके अनुसार, यह समस्या पिछले लगभग ढाई महीनों से जारी है और इससे जुड़े ऑर्डर Myntra, Blinkit, Ozi, Meesho, Nykaa तथा अन्य ऑनलाइन सेवा प्लेटफॉर्म से कथित तौर पर संबंधित हैं।
सिम चेंज करने पर भी नहीं रुकी बुकिंग
महिला ने बताया कि परेशान होकर उन्होंने अपना सिम चेंज कर लिया। मोबाइल फोन तक बदल लिया, फिर भी कॉल और बुकिंग से जुड़ी परेशानी जारी है। उन्होंने मामला राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज कराया है।
साइबर क्राइम पुलिस ने कहा- मामला संज्ञान में नहीं
इस पूरे मामले में साइबर क्राइम पुलिस का कहना है कि मामला हमारे संज्ञान में नहीं है और न ही हमारे यहां कोई केस रजिस्टर्ड हुआ है। पीड़िता जिस थाना क्षेत्र में रहती है उसने वहां के ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। DCP सेंट्रल नोएडा का भी यही कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.