सूरज मौर्या, अलीगढ़: अलीगढ़ में जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक मासूम बच्चा हलवाई की दुकान पर दूध खरीदने गया। दूध मिलने में देर हुई तो उसने दुकानदार से अपना आर्डर दोहराया। इस बात से नाराज दुकानदार लल्लू ने मासूम बच्चे को जबरन गर्म कढ़ाई में बिठा दिया। जिससे बच्चे के नितंब बुरी तरह झुलस गये और वह घायल हो गया।




वहीं झुलसकर घायल हुए मासूम बच्चे को परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने घायल बच्चे का डॉक्टरी परीक्षण कराया है। बच्चे के पिता ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कराया है।



मामला जानिए


जानकारी के मुताबिक, थाना देहली गेट इलाके के नगला मेहताब निवासी सुंदर लाल का 6 वर्षीय मासूम बेटा नितिन कल शनिवार की देर शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित एक हलवाई की दुकान से दूध लेने गया हुआ था। काफी देर तक दूध नहीं मिलने पर उसने दुकानदार से दोबारा अपना ऑर्डर दोहराया। आरोप है कि इस बात से नाराज दुकानदार लल्लू ने आपा खो दिया और गुस्से में 6 वर्षीय बच्चे को जबरन गर्म कढ़ाई में बैठा दिया। गर्म कढ़ाई में बैठाए जाने के कारण बच्चे के नितंब बुरी तरह झुलस गए। मासूम की हालत देखकर परिजन परेशान हो गए और बच्चे को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे गए। डॉक्टरों द्वारा घायल बच्चे का उपचार जारी है। घटना को लेकर मासूम बच्चे के परिजनों में काफी आक्रोश है।



जांच जारी


इस घटना से नाराज 6 वर्षीय मासूम बच्चे के पिता सुंदर लाल ने आरोपी दुकानदार लल्लू के खिलाफ थाना देहली गेट पर लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत आधार पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और बच्चे का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराया है। इस घटना को लेकर अलीगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.