फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान आस्था से खिलवाड़ करने का एक मामला सामने आया है। शहर में हैप्पी नवरात्र लिखे ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म के लिफाफे पर मांस की डिलीवरी किए जाने के मामले पर विवाद शुरू हो गया। मामले में हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और खाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने की बात कही है।
बजरंग दल ने काटा हंगामा
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के शहर स्थित पटेल नगर चौराहे के पास ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा एक आउटलेट है। आरोप है कि रविवार की शाम कंपनी के आउटलेट से हैपी नवरात्र लिखे लिफाफे के अंदर नॉनवेज भरकर सप्लाई की जा रही थी। जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दुकान पर पहुंच कर जमकर हंगामा किया। यह देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
लिफाफे में हैपी नवरातरि लिखे पैकेट में भरकर मांस की बिक्री की सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठन के लोगों ने आउटलेट पर जमकर हंगामा किया। लोगों ने कहा कि सनातन धर्म की आस्था से खिलवाड़ किया गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जानकारी मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आउटलेट के अंदर घंटों छानबीन की।
जांच टीम को आउटलेट में खाद्य बिक्री का लाइसेंस वैध मिला। लेकिन, नॉनवेज की सप्लाई अवैध तरीके से किए जाने की बात सामने आई। इतना ही नहीं जांच के दौरान टीम ने आउटलेट से नॉनवेज भरे 166 पैकेट बरामद किए गए। इसकी कीमत 45,384 रुपये बताई जा रही है। प्रकरण में खाद्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए मांस बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।
एडीएम कोर्ट में होगी सुनवाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि खाद्य सामग्री बिक्री करने का लाइसेंस वैध है, लेकिन मांस बिक्री अवैध रूप से की जा रही थी। मामले में एडीएम, वित्त एवं राजस्व की अदालत में केस दर्ज कराया जाएगा। वहीं, मामले में कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि हंगामा करने वालों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया है। खाद्य विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.