रजनीश कुमार, ऋषिकेश: एम्स ऋषिकेश की CRE-3 भर्ती में फर्जीवाड़े का खुलासा बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान सामने आया। जिसके चलते फर्जी पहचान के जरिए परीक्षा देने एवं नौकरी हासिल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक फरार वांछित आरोपी की तलाश जारी की गई है।




पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एम्स ऋषिकेश की भर्ती प्रक्रिया में प्रतिरूपण एवं कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। जिसमें मूल अभ्यर्थी और नौकरी करने वाले व्यक्ति की पहचान में अंतर मिला है।




एम्स ऋषिकेश में CRE-3 भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान वायरमैन पद के लिए उपस्थित अभ्यर्थी विकास कुमार मीणा की पहचान के संबंध में संदेह उत्पन्न हुआ। उपलब्ध मूल अभिलेखों एवं पहचान-पत्रों का मिलान करने पर प्रथम दृष्टया प्रकाश में आया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी तथा एम्स ऋषिकेश में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने वाले व्यक्ति की पहचान अलग-अलग हो सकती है। दोनों पहचान-पत्रों पर अंकित विवरण समान होने के बावजूद उनके फोटोग्राफ में अंतर पाया गया।




उक्त संबंध में विक्रम सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, एम्स ऋषिकेश द्वारा पुलिस चौकी एम्स, ऋषिकेश में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया।




मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश द्वारा नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के संबंध में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की गयी। जिसके चलते नामजद आरोपी अशोक कुमार मीणा उम्र 40 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रामकरण मीणा, निवासी ग्राम चौरवाड़ा, पोस्ट टोडा भाटा, थाना बस्सी, जनपद जयपुर, राजस्थान से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में नामजद अन्य आरोपी विकास कुमार मीणा पुत्र धनफूल मीणा, निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, जनपद दौसा, राजस्थान घटना के बाद से ही फरार चल रहा है कि तलाश शुरू कर दी गई है।




पुलिस टीम में कोतवाली ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, हेडकांटेबल सन्दीर ऱाठी, अपर उपनिरीक्षक मुकेश शर्मा, कांस्टेबल ब्रिजेश और कुलदीप शामिल रहे।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.