नर्मदापुरम: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से एक पटवारी और उनके दो बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। रायसेन जिले के बरेली निवासी अजय धाकड़ उदयपुरा में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। रविवार को वह अपने दोनों बच्चों समर्थ और शिवा को लेकर घर से निकले थे। इसके बाद तीनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
काफी समय तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच देर शाम सूचना मिली कि पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर अजय धाकड़ का शव मिला है। इसके बाद स्टेशन परिसर में खड़ी उनकी कार की जानकारी सामने आई। कार की जांच करने पर उसके अंदर दोनों बच्चों के शव मिले।
बच्चों की मौत और पटवारी की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिसघटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की हत्या के बाद पटवारी ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की होगी। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की खबर मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।