अशोकनगर: मध्यप्रदेश के अशोकनगर में मां दुर्गा का एक ऐसा दरबार सजा है, जहां माता का श्रृंगार करीब 60 लाख रुपये के आभूषणों से किया गया है। दो सोने के हार, 16 अंगूठियां और करीब 3 किलो चांदी के मुकुट से सजी मां की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आभूषणों की सुरक्षा के लिए पुलिस का 24 घंटे पहरा है और CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।
नवरात्र के दौरान अशोकनगर के गौशाला रोड स्थित जिंद बाबा मंदिर में मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई है। जिंद बाबा झांकी समिति की ओर से तैयार इस दरबार को केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर सजाया गया है। यहां मां दुर्गा का श्रृंगार सोने और चांदी के कई आभूषणों से किया गया है। समिति के अनुसार, इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है।
झांकी के संयोजक महेंद्र भारद्वाज ने बताया कि यह आयोजन का 38वां वर्ष है। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आभूषणों से माता का श्रृंगार किया गया है। दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच यह दरबार खास आकर्षण बना हुआ है।
दो सोने के हार, 16 अंगूठियां और चांदी का मुकुटमां दुर्गा के श्रृंगार में सोने के दो हार, 16 अंगूठियां, नथ, बेंदी, करधनी, कानों के कुंडल, मंगलसूत्र और बाजूबंद शामिल हैं। इसके अलावा चांदी का करीब 3 किलो का मुकुट, पायल, चरण पादुका, दर्पण और अन्य आभूषण भी श्रृंगार में शामिल किए गए हैं। समिति के मुताबिक, सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 44 तोला है, जबकि चांदी के आभूषणों का वजन लगभग साढ़े तीन किलो बताया गया है।
24 घंटे पुलिस का पहरा, CCTV से निगरानीलाखों रुपये के आभूषणों को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से झांकी स्थल पर 24 घंटे एक चार का गार्ड तैनात किया गया है। मंदिर के गर्भगृह और पंडाल के आसपास समिति ने CCTV कैमरे भी लगाए हैं। इसके साथ ही समिति के स्वयंसेवक भी झांकी के आसपास निगरानी करते हैं, ताकि दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
विसर्जन के दिन लगती है आभूषणों की बोलीजिंद बाबा झांकी समिति में माता के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले आभूषणों की बोली लगाने की परंपरा भी है। समिति के संयोजक महेंद्र भारद्वाज के अनुसार, नवरात्र के नौ दिन पूरे होने और विसर्जन के अवसर पर आभूषणों की बोली लगाई जाती है। इच्छुक श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेते हैं और बोली के जरिए आभूषण प्राप्त करते हैं।
समिति के मुताबिक, पिछले साल माता के आभूषणों की बोली करीब 40 लाख रुपये तक पहुंची थी। इस बार आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
मां दुर्गा के दरबार की खास बातें
- आयोजन का 38वां वर्ष
- करीब 44 तोला सोने के आभूषण
- चांदी का लगभग 3 किलो का मुकुट
- कुल आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये
- सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस गार्ड और CCTV निगरानी
- विसर्जन के दिन आभूषणों की बोली लगाने की परंपरा