उत्कर्ष कुमार सिंह, मिर्जापुर: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल शुक्रवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ के गठन के बाद पहली बार मिर्जापुर पहुंचीं। इस दौरान हलिया क्षेत्र के लहुरियादह गांव में बुजुर्ग महिला दुईजी देवी से उनकी मुलाकात भावुक पल में बदल गई। दिव्या मित्तल को सामने देखकर महिला ने उन्हें गले लगा लिया और अपने लंबे इंतजार का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। दोनों की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।




दिव्या मित्तल ने अपने दौरे की शुरुआत हलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में दर्शन-पूजन से की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह लहुरियादह गांव पहुंचीं। रास्ते में कई जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया। गांव में भी लोगों ने उन्हें माला और चुनरी पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए।



लहुरियादह गांव में पहुंची दिव्या मित्तल



लहुरियादह गांव में दिव्या मित्तल की मुलाकात बुजुर्ग महिला दुईजी देवी से हुई। उन्हें देखते ही महिला भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें लंबे समय से दिव्या मित्तल के आने का इंतजार था और आज उन्हें देखकर मन की इच्छा पूरी हो गई। महिला ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ने की कामना की। वर्ष 2023 में दिव्या मित्तल मिर्जापुर की जिलाधिकारी थीं। उनके कार्यकाल के दौरान लहुरियादह गांव में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल हुई थी। उसी दौरान दुईजी देवी उनसे मिली थीं और गांव में स्कूल बनवाने की मांग रखी थी। पानी की समस्या के समाधान के बीच उठाई गई यह मांग अब भी ग्रामीणों के लिए अहम बनी हुई है।



स्कूल निर्माण पर वन विभाग की आपत्ति से रुका काम


लहुरियादह गांव में माध्यमिक स्तर के विद्यालय की कमी के कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल बनने से बच्चों को शिक्षा हासिल करने में सहूलियत मिलेगी। इसी जरूरत को देखते हुए स्कूल निर्माण का मुद्दा उठाया गया था। बताया गया कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद वन विभाग की आपत्ति के चलते काम रोक दिया गया। दिव्या मित्तल भी पहले इस विषय को सामने रख चुकी हैं। उनके गांव पहुंचने के दौरान स्कूल की मांग एक बार फिर चर्चा में रही। इस मौके पर स्कूल की मांग उठाने वाली महिला देवकली का भी ग्रामीणों ने माला पहनाकर सम्मान किया।




दिव्या मित्तल ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए गांव के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने करीब आधे घंटे तक लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनीं।



‘ जननीति भारत’ के जरिए राजनीति में नई शुरुआत


दिव्या मित्तल ने 15 अक्टूबर को ‘जननीति भारत’ नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव में उतरने और मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने की बात कही थी। अपनी राजनीतिक पहल का उद्देश्य बताते हुए उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया, जिसमें जनता की बात सुनी जाए और नीतियां लोगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार हों। उनका कहना है कि शासन में जनता की भागीदारी और जवाबदेही महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

Contact to : xlf550402@gmail.com


Privacy Agreement

Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.