भगवान श्रीराम पर आधारित रामानंद सागर का टेलीविजन शो 'रामायण' आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है. शो में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने भगवान राम और माता सीता का किरदार निभाया था. दोनों की यादगार जोड़ी आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस शो को बनाने के लिए डिज्नी से भी मदद मांगी गई थी, हालांकि कंपनी ने इस ऑफर को ठुकरा दिया था. ललित मोदी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में ये दावा किया और इसकी वजह भी बताई.
रामानंद सागर ने ललित मोदी से मांगी थी मदद
'द भारत इंक' के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान ललित मोदी ने बताया कि उस समय उनकी डिज्नी के साथ साझेदारी थी. वो डिज्नी के कंटेंट को भारतीय टेलीविजन तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे थे. इसी दौरान रामानंद सागर और बीआर चोपड़ा ने अपने शोज के लिए उनसे फाइनेंसिंग की बात की थी.
ललित मोदी ने कहा, 'रामानंद सागर और बीआर चोपड़ा दोनों मेरे पास आए थे. वो चाहते थे कि मैं उनके शो को फाइनेंस करूं. मैं इसके लिए तैयार भी था. मेरे पास मार्केटिंग, प्रोडक्शन और दुनियाभर में कंटेंट के सिंडिकेशन का पूरा सिस्टम था. मैंने डिज्नी से कहा कि हमें प्रोडक्शन के क्षेत्र में उतरना चाहिए और रामानंद सागर के साथ मिलकर शो बनाना चाहिए. लेकिन डिज्नी का कहना था कि हम अपने प्रोग्राम बेचते हैं. ऐसे में प्रोडक्शन के क्षेत्र में उतरना हमारे लिए हितों के टकराव जैसा होगा. हालांकि, मैं उन्हें मनाने की कोशिश करता रहा.'
'शॉर्ट्स पहनकर मीटिंग में पहुंचे थे रामानंद सागर'
ललित मोदी ने कहा कि उन्होंने डिज्नी के अधिकारियों को समझाया कि रामानंद सागर अपने शो के लिए एक करोड़ रुपये चाहते हैं और इसके बदले कंपनी को शो के राइट्स मिल सकते हैं. काफी कोशिशों के बाद डिज्नी के अधिकारी भारत में मीटिंग के लिए आने को तैयार हुए. हालांकि, इस मुलाकात का नतीजा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा.
ललित मोदी ने बताया, 'रामानंद सागर उस मीटिंग में शॉर्ट्स पहनकर आ गए थे. उस समय डिज्नी में लोगों के पहनावे को लेकर काफी सख्ती थी. रामानंद सागर को अंग्रेजी समझने में भी कुछ परेशानी हो रही थी. वो अधिकारियों की बातें सुन रहे थे, लेकिन पूरी तरह समझ नहीं पा रहे थे. इसी तरह डिज्नी के अधिकारी भी उनकी बातों को पूरी तरह नहीं समझ पा रहे थे. ऐसे में वो कंपनी के अधिकारियों पर अपनी छाप नहीं छोड़ सके.
'डिज्नी के अधिकारी नहीं समझ पा रहे थे रामानंद सागर की बात'
ललित मोदी ने आगे कहा, 'मैं देख सकता था कि डिज्नी के प्रेसिडेंट वहां से निकलने के लिए बेचैन थे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि यह शो कैसे काम करेगा. उस समय भारतीय टेलीविजन पर पौराणिक कहानियां इस तरह पहले नहीं दिखाई गई थीं. उन्हें नहीं पता था कि ये आइडिया सफल होगा या नहीं. मैं भी बहुत कुछ नहीं कर सकता था, क्योंकि डिज्नी मेरा पार्टनर था.'
बता दें कि रामानंद सागर की 'रामायण' साल 1987 से 1988 तक प्रसारित हुई थी. इसके कुल 78 एपिसोड थे. शो में अरुण गोविल ने भगवान राम और दीपिका चिखलिया ने माता सीता की भूमिका निभाई थी. आज भी इस शो को दर्शक पसंद करते हैं और इसके एपिसोड यूट्यूब पर देखे जा सकते हैं.
Contact to : xlf550402@gmail.com
Copyright © boyuanhulian 2020 - 2023. All Right Reserved.